कोच्चि में शनिवार को कोरोना के खिलाफ लड़ाई में पीएम नरेंद्र मोदी की अपील के समर्थन में 5.9.9 के आकार में दीये जलाते लोग। पीएम ने रविवार 5 अप्रैल को रात 9 बजे 9 मिनट तक दीये जलाने का आह्वान किया है। -प्रेट्र

नयी दिल्ली, 4 अप्रैल (एजेंसी)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के खिलाफ देश की सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए लोगों को रविवार रात दीये जलाने की बात याद दिलाने के मकसद से अटल बिहारी वाजपेयी का एक वीडियो क्लिप शनिवार को साझा किया। मोदी ने वीडियो के साथ ट्वीट किया, ‘आयो दीया जलाएं।’ इस वीडियो में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एक मंच से अपनी प्रसिद्ध कविता ‘आयो फिर से दीया जलाएं’ सुना रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों से अपील की थी कि वे कोरोना वायरस को पराजित करने की देश की सामूहिक शक्ति प्रदर्शित करने के लिए रविवार 5 अप्रैल को रात 9 बजे बत्तियां बद कर 9 मिनट तक अपने घरों की बालकनी व दरवाजे में खड़े रहकर मोमबत्ती, दीये, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलायें। इस दौरान सामाजिक दूरी बनाये रखने की अपील भी उन्होंने की है।
दीये जलाते समय न लगायें सेनेटाइजर
अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि रविवार रात दीये जलाते समय एल्कोहल वाले सेनेटाइजरों के उपयोग से दूर रहें।

साझा की कविता
आओ फिर से दीया जलाएं
भरी दुपहरी में अंधियारा
सूरज परछाई से हारा
अंतरतम का नेह निचोड़ें-
बुझी हुई बाती सुलगाएं
आओ फिर से दीया जलाएं
हम पड़ाव को समझे मंज़िल
लक्ष्य हुआ आंखों से ओझल
वर्तमान के मोहजाल में-
आने वाला कल न भुलाएं।
आओ फिर से दीया जलाएं।
आहुति बाकी यज्ञ अधूरा
अपनों के विघ्नों ने घेरा
अंतिम जय का वज्र बनाने-
नव दधीचि हड्डियां गलाएं
आओ फिर से दीया जलाएं।

The post आयो दीया जलाएं… अटल शब्दों में मोदी की अपील appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/34bBgLM
via Latest News in Hindi

0 Comments