सरकार करेगी एक-एक दाने की खरीद किसान बस एक-दूसरे से रखें सही दूरी
अम्बाला के पास शहजादपुर मंडी में बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएम सरसों खरीद का निरीक्षण करते हुए । – मैनी
कुरुक्षेत्र, 16 अप्रैल (हप्र)
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बृहस्पतिवार को मंडियों में फसल ख्ारीद की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते किसानों को मंडियों में अपनी फसल बेचने में परेशानी तो आएगी, लेकिन यह परेशानी हमारी जान से ज्यादा बड़ी नहीं है, हमें एक-दूसरे से उचित दूरी बनाकर रखनी होगी। उन्होंने कहा कि इस संकट से बाहर निकलने के लिए राज्य सरकार तथा प्रशासन द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार ही कार्य करें। दुष्यंत चौटाला ने लाडवा अनाजमंडी का निरीक्षण किया।
उपमुख्यमंत्री ने प्रशासन के अधिकािरयों से सरसों तथा गेहूं की खरीद की विस्तार से जानकारी लेते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान किसानों ने अपनी कई समस्याएं उनके सामने रखीं। उपमुख्यमंत्री ने गेहूं खरीद केन्द्र की व्यवस्था के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आशा जताई कि गेहूं खरीद से पहले-पहले लगभग 85 प्रतिशत किसान अपनी फसल का पंजीकरण करवा लेंगे जबकि अब तक 76 प्रतिशत किसानों ने पंजीकरण करवाया है।
इन्द्री/शाहाबाद मारकंडा (निस): उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इंद्री, नारायणगढ़ और शाहाबाद मारकंडा की मंडियों में भी फसल खरीद का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वे संतुष्ट हैं कि किसान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं। वहीं शाहाबाद मारकंडा की मंडी में भी उपमुख्यमंत्री पहुंचे। यहां मंडी एसोसिएशन के प्रधान स्वर्णजीत सिंह कालड़ा बिट्टू व महर्षि मार्कंडेश्वर कच्चा आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान धनपतराय अग्रवाल ने कहा कि पिछले बकाये का 24 घंटे के अंदर-अंदर आढ़तियों को भुगतान कर दिया जाएगा।
साहा की मंडी में नहीं हुई खरीद
नारायणगढ़/अम्बाला (निस): डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने जिले की शहजादपुर मंडी में भी सरसों खरीद का जायजा लिया। मंडी का दौरा करते हुए उन्होंने खरीद प्रबंधों व अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी हासिल की। यहां मार्केट कमेटी सचिव अफसर सिंह ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार सरसों की खरीद की जा रही है तथा 20 अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होगी। हालांकि शहजादपुर की नजदीकी साहा की मंडी में अभी खरीद नहीं हो रही। जिले में दो ही अनाज मंडियां ऐसी हैं, जहां सरसों की खरीद होनी है। दरअसल अभी शहजादपुर मंडी में ही सरसों की खरीद होनी थी। लेकिन विधायक वरुण मुलाना ने इसकी मांग उठाई तो साहा मंडी में भी खरीद की घोषणा की गई। वहीं हैफेड के अधिकारी रवि कुमार के अनुसार अभी साहा मंडी का डाटा तैयार नहीं हुआ है, जल्द ही यह तैयार हो जाएगा, इसके बाद खरीद शुरू की जाएगी। वहीं आढ़ती एसोसिएशन साहा के प्रधान जसबीर जस्सी ने कहा कि सरकार आढ़तियों की बात नहीं सुन रही है। जिसकी वजह से यहां सरसों की खरीद शुरू नहीं हुई है।
The post सरकार करेगी एक-एक दाने की खरीद किसान बस एक-दूसरे से रखें सही दूरी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3bjGlom
via Latest News in Hindi
0 Comments