बच्चों को रास आयी घर बैठे पढ़ाई
गुरुग्राम, 6 अप्रैल (हप्र)
लाॅकडाउन के कारण अधिकांश निजी स्कूलों ने विद्यार्थियों की ऑनलाइन क्लास शुरू कर दी हैं। अगली कक्षाओं में प्रमोट किए गए विद्यार्थियों को घर पर मोबाइल व लैपटाॅप के जरिये पढ़ाया जा रहा है। लॉक डाउन में स्कूलों में न तो परीक्षाएं ही पूरी हो पाई और न ही परिणाम घोषित किया गया। लेकिन सरकार के कक्षा आठवीं तक के सभी विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट किए जाने के फैसले के बाद निजी स्कूल संचालकों ने घर बैठे विद्यार्थियों इंटरनेट के जरिये पढ़ाई शुरू करवा दी है।
स्कूल प्ले स्टोर पर उपलब्ध एप के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई करवा रहे हैं। इस बारे में सीडी इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन यशपाल यादव ने कहा कि ऑनलाइन क्लास का फैसला लिया गया है। नया तरीका विद्यार्थियों और टीचर्स को खूब भा रहा है। यह इसलिए कामयाब हो रहा है क्योंकि अधिकांश घरों में स्मार्ट फोन व लैपटाॅप हैं। एसडीएवी स्कूल में सातवीं कक्षा की छात्रा सलोनी ने कहा कि टीचर नोट्स व सब्जेक्ट वाइज लेक्चर रिकार्ड करके व्हाट्सएप ग्रुप पर भेज देती हैं तथा इससे संबंधित किसी भी सवाल का भी इसी माध्यम से समाधान किया जा रहा है। कुछ स्कूल ऑनलाइन मीटिंग एप का इस्तेमाल कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर सीडी इंटरनेशल स्कूल के छठी के छात्र नमन का कहना है कि टीचर एक मीटिंग एप के जरिये निश्चित समय विद्यार्थियों से रूबरू होती हैं। यह बिल्कुल क्लासरूम जैसा नजारा होता है।
अभिभावकों को भी पंसद आ रहा तरीका
अभिभावक भी इस तरीके को खूब पसंद कर रहे हैं। सुमन यादव कहती हैं कि ऑनलाइन पढ़ाई बच्चों के लिए खूब रोमांचक है। बच्चे अपने दोस्तों से ऑनलाइन मिलकर खुश हो जाते हैं। ऑनलाइन क्लास ले रही टीचर गीता गाबा कहती हैं कि ज्यादातर विद्यार्थी क्लास अटैंड कर रहे हैं। बच्चों के पास किताबें नहीं हैं ऐसे में सिलेबस पर अपेक्षाकृत ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।
The post बच्चों को रास आयी घर बैठे पढ़ाई appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2V3l37o
via Latest News in Hindi
0 Comments