एरिया सील करने में पुलिस का सहयोग करें पार्षद : मनोज परिदा
फाइल फोटो
रंजू ऐरी डडवाल/ट्रिन्यू
चंडीगढ़, 21 अप्रैल
चंडीगढ़ प्रशासन ने नगर निगम के सभी पार्षदों को निर्देश दिए हैं कि कोरोना संक्रमित स्थलों को पूरी तरह से सील करने के लिए आगामी 3 मई तक पुलिस के साथ मिलकर काम करें। प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने आज ट्वीट कर यह सुनिश्चित करने के लिए महापौर राजबाला मलिक से अनुरोध किया है। महापौर ने भी परिदा को आश्वासन दिया कि वह सभी पार्षदों को इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी।
प्रशासक ने सलाहकार को विभिन्न कॉलोनियों और क्षेत्रों की सीलिंग को प्रभावी ढंग से बनाए रखने और सामाजिक दूरी को लागू करने के लिए प्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों को शामिल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी प्रशिक्षण के संबंध में केन्द्र द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन किया जाये।
पुलिस महानिदेशक संजय बेनिवाल ने बताया कि कर्फ्यू को सख्ती से लागू करने में मदद के लिए 40 स्वयंसेवकों और विशेष पुलिस अधिकारियों को सूचीबद्ध किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतर-राज्य सीमा बिंदु का सख्त रेगुलेशन शुरू किया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों से उचित पास नहीं ले जाने वाले 316 वाहनों को वापस भेजा गया।
चंडीगढ़ में अब तक 9.15 लाख लोगों की स्क्रीनिंग पूरी कर ली गई है। बैठक में यह जानकारी स्वास्थ्य निदेशक डा. जी. दीवान ने दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान जो भी संदिग्ध मामले पाए जाते हैं, उन व्यक्तियों को मेडिकल परीक्षण और नमूनों के परीक्षण के लिए स्थानांतरित किया जा रहा है। अब तक सेक्टर 47, 25, 27, 08, 11 और 44 जैसे क्षेत्रों को ज्यादातर कवर किया गया है।
प्रशासक ने प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अरुण कुमार गुप्ता को निर्देश दिए कि तीन चिकित्सा संस्थानों के बीच कोविड मामलों के परीक्षण व उपचार के लिए समन्वय बनायें। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार संक्रमित व्यक्तियों या जिनके नमूने परीक्षण के लिए गये हैं, को पूरी तरह से क्वारंटाइन करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जानी चाहिए।
डॉ. बीएस चव्हाण, डायरेक्टर प्रिंसिपल, जीएमसीएच ने बताया कि ईएनटी, नेत्र विज्ञान, पल्मोनरी, डर्मेटोलॉजी और रेडियो थेरेपी सहित 5 और विभागों को भी टेली-मेडिसिन सुविधा में जोड़ा गया है।
निगमायुक्त केके यादव ने कहा कि विक्रेताओं, व्यापारियों, फेरीवालों और दूध के वितरक, डिलीवरी ब्वॉय आदि की आवश्यक जांच एक विशेष अभियान के माध्यम से पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम कच्ची कॉलोनी, धनास और सेक्टर 30-बी चंडीगढ़ को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष कदम उठा रहा है।
रेपिड टेस्ट दो दिन रोकने के आदेश
प्रशासक सलाहकार मनोज परिदा ने आदेश दिये हैं कि अगले 2 दिनों के लिए तेजी से परीक्षण (रेपिड टेस्ट) रोक दिये जायें। उधर, प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने पीजीआई के डॉक्टरों से शोध करने और कोविड-19 के लिए प्लाज्मा और प्लेसेंटा थेरेपी उपचार और अंतिम टीके जैसे तरीकों के माध्यम से कोरोना को शामिल करने के नए तरीकों का पता लगाने की अनुमति दी है। ज्ञात रहे कि पीजीआई ने प्लाज़्मा थेरेपी की अनुमति मांगी थी। दिल्ली व मुंबई में इसके सकारात्मक परिणाम आने के बाद अब पीजीआई से भी प्रशासक ने इसके लिए अपील की है।
The post एरिया सील करने में पुलिस का सहयोग करें पार्षद : मनोज परिदा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/34WCr20
via Latest News in Hindi
0 Comments