चंडीगढ़, 16 अप्रैल (ट्रिन्यू)
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने किसानों की फसल खरीद, स्कूल फीस वसूली और बिजली बिलों के मुद्दे पर कहा कि सरकार की ओर से बगैर विचार किए फैसले आम लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ से जारी बयान में सैलजा ने कहा कि फसल खरीद के लिए सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों पर नई-नई शर्तें थोपी जा रही हैं। पहले ही देरी से शुरू हो रही सरसों की खरीद के लिए सरकार ने सिर्फ 5 दिन का समय दिया है। सैलजा ने कहा कि अभिभावक भी जनविरोधी फैसलों की चपेट में हैं। सरकार ने प्राइवेट स्कूलों को एक महीने की स्कूल फीस वसूलने की अनुमति देकर मुसीबतें पैदा कर दी हैं। हाल ही में सरकार ने तीन माह तक फीस जमा न कराने से छूट दी थी, लेकिन अब किसी दबाव में फैसला बदल दिया है।
पार्टी ने बनाए वार रूम
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस ने जिला व ब्लाॅक स्तर पर वार रूम बनाकर जनता के लिए राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने इस संबंध में पार्टी विधायकों व अन्य पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बैठक की थी। हरियाणा कांग्रेस के चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय में बने वार रूम का जिम्मा सैलजा के राजनीतिक सलाहकार व पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर, कांग्रेस कोषाध्यक्ष रोहित जैन व पार्टी प्रवक्ता बालमुकंद शर्मा को सौंपा गया है। बृहस्पतिवार से यहां काम शुरू हो गया।

The post प्रदेश के लोगों पर जनविरोधी फैसले थोप रही सरकार : सैलजा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3agBtPa
via Latest News in Hindi

0 Comments