अस्पताल की अपील पर बटलर ने नीलामी को रखी विश्वकप फाइनल की शर्ट
लंदन, 1 अप्रैल (एजेंसी)
इंगलैंड के जोस बटलर कोरोना वायरस से पीड़ित लोगों का उपचार कर रहे अस्पतालों की मदद करने के लिये पिछले साल विश्वकप फाइनल में पहनी अपनी शर्ट को नीलाम कर रहे हैं। इस 29 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने जुलाई में न्यूजीलैंड के खिलाफ लार्ड्स में खेले गये फाइनल में इंगलैंड की रोमांचक जीत में अहम भूमिका निभायी थी। उन्होंने अर्धशतक बनाया था और फिर सुपर ओवर में बल्लेबाजी की थी। इसके अलावा उन्होंने मैच की अंतिम गेंद पर मार्टिन गुप्टिल को रन आउट किया था। बटलर ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कि गये वीडियो में कहा कि इस जर्सी पर विश्वकप विजेता टीम के सभी सदस्यों के हस्ताक्षर हैं और इसे ईबे पर नीलाम किया जा रहा है। इससे मिलने वाली धनराशि रॉयल ब्राम्पटन एंड हेयरफील्ड हास्पिटल चैरिटी में जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी जानते हैं कि इस समय अस्पताल, चिकित्सक, नर्स और एनएचएस (राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा) अपना अमूल्य योगदान रहे हैं। उन्हें आने वाले समय में अधिक से अधिक सहयोग की जरूरत पड़ेगी।’ ब्रिटिश टेलीविजन की नामी हस्ती पियर्स मोर्गन ने इस पर 10,000 पौंड की बोली लगायी लेकिन जल्द ही यह बोली 12,000 पौंड पार कर गयी।
The post अस्पताल की अपील पर बटलर ने नीलामी को रखी विश्वकप फाइनल की शर्ट appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2xGEJGh
via Latest News in Hindi
0 Comments