नये एफडीआई नियमों में बदलाव करे भारत : चीन
नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (एजेंसी)
चीन ने सोमवार को भारत के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के नये नियमों को ‘भेदभावपूर्ण’ बताते हुये उसकी आलोचना की और उसमें संशोधन की मांग की। उसने कहा कि भारत को ‘खुला, निष्पक्ष और न्यायसंगत’ व्यावसायिक परिवेश बनाते हुये विभिन्न देशों से आने वाले निवेश को समान रूप से देखना चाहिये। चीन ने कहा है कि एफडीआई नियमों में किये गये बदलावों से कुछ खास देशों से आने वाले निवेश के समक्ष ‘अतिरिक्त अवरोध’ खड़े किये गये हैं। ये बदलाव विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के भेदभाव रहित परिवेश के सिद्धांत का उल्लंघन करते हैं। भारत स्थित चीनी दूतावास की प्रवक्ता ने यह प्रतिक्रिया जताते हुये कहा कि इस नीतिगत बदलाव का स्पष्ट तौर पर चीन के निवेशकों पर प्रभाव होगा। भारत सरकार ने पिछले सप्ताह अपनी एफडीआई नीति में बदलाव करते हुये चीन सहित देश की थल सीमाओं से सटे पड़ोसी देशों से आने वाले निवेश के लिये सरकारी मंजूरी लेना अनिवार्य कर दिया। यह कदम कोरोना वायरस महामारी की वजह से कमजोर पड़ते आर्थिक परिवेश में घरेलू कंपनियों के ‘मौका परस्त अधिग्रहण’ को रोकने के प्रयास स्वरूप उठाया गया है। चीनी दूतावास की प्रवक्ता जी रोंग ने एक वक्तव्य में कहा, ‘भारतीय पक्ष द्वारा कुछ खास देशों के निवेशकों के लिये खड़े किये गये अतिरिक्त अवरोध डब्ल्यूटीओ के भेदभाव रहित व्यवहार के सिद्धांत का उल्लंघन करते हैं। यह बदलाव उदारीकरण और व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने के आम रुझान के प्रतिकूल है।’ प्रवक्ता ने कहा कि भारत का यह कदम जी20 देशों के बीच बनी उस सहमति के भी खिलाफ है। इस पर भारतीय पक्ष की तरफ से प्रतिक्रिया नहीं आई है।
The post नये एफडीआई नियमों में बदलाव करे भारत : चीन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2wRpyK6
via Latest News in Hindi
0 Comments