दिनेश भारद्वाज/टिन्यू
चंडीगढ़, 29 अप्रैल
हरियाणा के मानेसर स्थित साउथ कोरिया की ‘मैसेर्ज एसडी बायो-सेंटर प्राइवेट लिमिटेड’ की ओर से तैयार रैपिड टेस्ट किट की मदद से अब प्रदेश में कोरोना जांच की जाएगी। कंपनी ने इसके उत्पादन की मंजूरी प्रदेश सरकार से मांगी थी। प्रदेश ने मंजूरी तो दी ही, एक लाख किट का आर्डर भी दे दिया। 25 हजार किट की डिलीवरी भी हो चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस किट का विधिवत प्रयोग शुरू करने से पहले कल कोरोना पाजिटिव मरीजों पर इसका ट्रायल भी किया जाए ताकि सटीकता की पुष्टि हो सके।
रैपिड टेस्ट के लिए चीन निर्मित किट से जांच न करने के केंद्र के फैसले के बाद मानेसर-गुरुग्राम, आईटी पार्क स्थित साउथ कोरियाई कंपनी द्वारा बनायी इस ‘मेड-इन-हरियाणा’ किट से टेस्ट की मंजूरी केंद्र और इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने भी दे दी है। आईसीएमआर की रोक की वजह से ही कंपनी ने इनका उत्पादन बंद किया हुआ था। हरियाणा को रैपिड टेस्ट की मंजूरी मिलने की सूचना प्रदेश के गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बुधवार को चंडीगढ़ में दी। चीन ने 780 रुपये के हिसाब से रैपिड टेस्ट किट दी थीं जबकि यह किट 400 रुपये सस्ती (380 रुपये की) है। यह कंपनी दूसरे राज्यों को भी रैपिड टेस्ट किट सप्लाई करेगी।
आशा व हेल्थ वर्कर के होंगे टेस्ट
प्रदेश में डोर-टू-डोर सर्वे करने वाली आशा व हेल्थ वर्करों का टेस्ट इन किट्स से करवाने के अलावा पुलिस समेत उन सभी कर्मचारियों के टेस्ट करवाए जाएंगे, जो कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आते हैं। दूध व सब्जी विकेताओं के अलावा सरकार ने अखबार-वेंडर्स के भी टेस्ट करने को कहा है। प्रदेश भर में 46 लाख से अधिक घरों की स्क्रीनिंग में पाए गए 11 हजार ‘संदिग्धों’ के सैम्पल लेने का भी निर्णय किया गया है।
इस किट से टेस्ट की रिपोर्ट 10 मिनट में आएगी। आईसीएमआर की टेस्टिंग के बाद ही हरियाणा को मंजूरी मिली है। दिल्ली या अन्य कहीं से संक्रमण का मामला नहीं आया तो हम अगले 10 से 12 दिनों में हरियाणा को कोरोना मुक्त कर देंगे।
-अनिल विज, गृह व स्वास्थ्य मंत्री।

The post मिली मंजूरी, हरियाणा करेगा रैपिड टेस्ट appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3aQZn4h
via Latest News in Hindi

0 Comments