जेलों में बने क्वारंटाइन और आइसोलेशन वार्ड
चंडीगढ़, 8 अप्रैल (ट्रिन्यू)
हरियाणा की सभी जेलों में भी क्वारंटाइन और आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। प्रदेश के 19 जिलों में जेल हैं। सभी जेलों में अस्पताल भी है और नियमित रूप से डॉक्टर आते हैं। कोरोना के चलते सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों को जेलों में क्षमता से अधिक कैदियों व बंदियों में से छोटे-मोटे झगड़े वाले कैदियों/बंदियों को पैरोल व फरलो पर छोड़ने के निर्देश दिए थे।
हरियाणा की जेलों से अभी 3817 बंदियों को छोड़ा जा चुका है। जेल विभाग के महानिदेशक के़ सेल्वराज ने बुधवार को चंडीगढ़ में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 1658 उन बंदियों को जेलों से छोड़ा गया है, जो अंडर-ट्रायल थे। इसी तरह से 2159 कैदियों को भी छोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य की जेलों में 17 हजार 697 कैदी/बंदी हैं। जेलों की कुल क्षमता 19 हजार 306 की है।
सेल्वराज ने कहा कि बहुत जरूरी केसों में कोर्ट की सुनवाई वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये होती है। कैदियों/बंदियों को जेल से बाहर लेकर जाने पर पूरी तरह से पाबंदी है। एक सवाल के जवाब में महानिदेशक ने कहा कि जेलों से रिलीज किए गए कैदियों व बंदियों को उनके घर तक पहुंचाना बड़ी चुनौती थी। लॉकडाउन के चलते ट्रांसपोर्ट सेवाएं पूरी तरह से ठप हैं। ऐसे में पुलिस के सहयोग से सभी को घरों तक पहुंचाया।
बंदियों से बंद है मुलाकात
सेल्वराज ने कहा कि सभी जेल अधीक्षकों को कोरोना को लेकर विशेष हिदायतें दी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई एडवाइजरी भी उन्हें भेजी गई है। सभी जेलों को सेनेटाइज करवाया गया है। जेलों में मुलाकात बंद करवाई हुई है, जिससे बाहर से संक्रमण का खतरा न रहे। उन्होंने कहा कि एक बैरक के कैदी को दूसरे बैरक के कैदी से नहीं मिलने दिया जा रहा। जेलों में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
The post जेलों में बने क्वारंटाइन और आइसोलेशन वार्ड appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/34ncCYN
via Latest News in Hindi
0 Comments