हिमाचल में ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी
शिमला, 23 अप्रैल (निस)
हिमाचल प्रदेश में 26 से 29 अप्रैल तक बारिश, ओलावृष्टि व बर्फबारी की संभावना है। कई हिस्सों में 26 व 27 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर मैदानों व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में येलो अलर्ट भी जारी किया है। भारी ओलावृष्टि फसलों व फलदार पौधों के लिए काफी नुकसानदायक साबित हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटों तक मौसम साफ बना रहेगा। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण 26 से 29 अप्रैल तक मौसम के खराब रहने की आशंका है। इस दौरान उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फ गिरने की भी संभावना है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों के तहत आने वाले छह जिलों शिमला, सोलन, चंबा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में 26 व 27 अप्रैल को बिजली गिरने व तेज ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 27 अप्रैल को येलो अलर्ट मैदानी क्षेत्रों हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा के लिए भी जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि बीते 24 घंटों के दौरान कोठी में सात मिमी तथा भरमौर में दो मिलीमीटर बारिश हुई है। आज राज्य के अनेक क्षेत्रों में धूप खिलने से तापमान में उछाल आया।
The post हिमाचल में ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3cJnCmc
via Latest News in Hindi
0 Comments