योद्धाओं जैसा सम्मान देकर प्रशासन ने वापस घर भेजा
पठानकोट, 23 अप्रैल (निस)
पठानकोट में बृहस्पतिवार को कोरोना को हराने वाले लोगों की घर वापसी के समय पुष्प वर्षा करते सुजानपुर नगर कौंसिल के पूर्व अध्यक्ष विनय महाजन। -निस
पठानकोट से 23 में से 5 कोरोना पाॅजिटिव मरीजों के पहले व दूसरे चरण में टेस्ट नेगेटिव आने के बाद बृहस्पतिवार को उन्हें आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी देकर घर भेजा गया। इन पांचों लोगों को सिविल अस्पताल, पठानकोट में फूलों की वर्षा करके एवं तिरंगा झंडा लहराकर रवाना किया गया। उक्त 5 लोग सुजानपुर की महिला राजरानी के परिवार के सदस्य हैं। जिनमें मृतक राजरानी के पति प्रेम पाल (77), बेटा सुरेश (54), बहु ज्योति (34) , पौत्र रिशव (23) एवं पौत्र सास प्रोमिला शर्मा (50) निवासी जुगियाल शामिल हैं।
उप जिलाधीश (जनरल) अभिजीत कप्लिश ने बताया कि पठानकोट में प्रथम पॉजिटिव केस राजरानी नामक महिला की अमृतसर में मृत्यु हो गई थी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने तुरंत उनके परिजनों को आइसोलेशन वार्ड में रखा। उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आने के चलते उन मरीजों को सिविल सर्जन डॉ. विनोद सरीन, एसएमओ डॉक्टर भूपेंद्र सिंह की निगरानी में भविष्य के लिए जरूरी दिशा निर्देश जारी कर घरों को रवाना कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रशासन द्वारा उनको स्वास्थ्य लाभ हेतु शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर सुजानपुर नगर कौंसिल के पूर्व अध्यक्ष विनय महाजन तथा लायंस क्लब से इंजीनियर अजय महाजन द्वारा उन पर पुष्प वर्षा करके उनका स्वागत किया गया। उल्लेखनी है कि अभी भी पठानकोट जिला रेड जोन में है। इन 5लोगों के स्वस्थ होने से जिले के लोगों में एक उम्मीद जागी है। नेगेटिव आए लोगों में मृतक राजरानी के पति प्रेम पाल व बेटे सुरेश ने कहा कि उन्हें पुन: एक नया जीवन मिला है तथा सभी लोगों से यही कहना चाहते है कि इस महामारी से बचाव के लिए खुद को सुरक्षित रखें और अपने घरों में रहें।
डाॅक्टर, नर्सों ने तालियां बजाकर खुशी-खुशी घर भेजा
लुधियाना (निस) : पांचवें दिन बृहस्पतिवार को भी लुधियाना में कोरोना का कोई भी मामला नहीं आया। जिलाधीश प्रदीप अग्रवाल नें बताया कि स्थानीय अमरपुरा मोहल्ला की एक 72 वर्षीय कोरोना पाॅजिटिव महिला यहां सिविल अस्पताल में उपचारधीन थी, का दो बार टेस्ट नेगेटिव आने के बाद आज अस्पताल के डाक्टरों और नर्सों ने तालियां बजाकर उसे बधाई दी और खुशी-खुशी घर भेजा।
The post योद्धाओं जैसा सम्मान देकर प्रशासन ने वापस घर भेजा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3eNmeAY
via Latest News in Hindi
0 Comments