सड़क परियोजनाओं के लिए विश्व बैंक ने स्वीकृत किए 585 करोड़
शिमला, 23 अप्रैल (निस)
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बृहस्पतिवार को यहां हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग की गतिविधियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि विश्व बैंक ने हिमाचल प्रदेश राज्य सड़क परियोजना के तहत राज्य की मुख्य सड़कों के स्तरोन्यन तथा लोक निर्माण विभाग के आधुनिकीकरण के लिए 585 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके तहत प्रथम चरण में 45 किलोमीटर लम्बे बरोटीवाला-बद्दी-साईं-रामशहर, 14.5 किलोमीटर की दधोल-लदरौर सड़क, 28 किलोमीटर लम्बी मंडी-रिवालसर-कलखर और 3.5 किलोमीटर लम्बी रघुनाथपुरा-मंडी-हरपुरा-भराड़ी सड़कों का कार्य आरम्भ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत लॉकडाउन के कारण राज्य में सड़क परियोजनाओं के निर्माण और रखरखाव का कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि अब वास्तविक स्थिति को ध्यान में रख कर, नए सिरे से पुनः लक्ष्य निर्धारित करके उसके अनुसार कार्य आरम्भ किए जाएंगे। बैठक में कहा गया कि वर्ष 2019-20 के लिए 900 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन कोरोना वायरस के कारण लगभग 800 किलोमीटर सड़कों का ही निर्माण किया जा सका है। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने खनन स्थलों से परियोजना क्षेत्रों तक निर्माण सामग्री की ढुलाई के लिए जिले में ट्रकों की आवाजाही को अनुमति देने का निर्णय लिया है।
The post सड़क परियोजनाओं के लिए विश्व बैंक ने स्वीकृत किए 585 करोड़ appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/34YqMjw
via Latest News in Hindi
0 Comments