जमात से लौटे युवक पर साजिशन संक्रमण फैलाने का केस दर्ज
गुरुग्राम, 6 अप्रैल (हप्र)
जमात से लौटे एक युवक के कोरोना पाॅजिटिव पाए जाने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ साजिशन संक्रमण फैलाने का मामला दर्ज किया है। इस एफआईआर में उसके परिवार के अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। उसके जमात से लौटने की सूचना के बाद पहुंची मेडिकल टीम व पुलिस का आरोपी व उसके परिवार ने कड़ा विरोध किया था। पुलिस अब जांच में जुट गई है कि आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में आया था। इंटेलीजेंस रिपोर्ट व सूत्रों से पुलिस को देवीलाल नगर में रहने वाले एक युवक के बारे में जानकारी मिली थी। जांच में सामने आया कि मुंबई से लौटा युवक भी जमात में शामिल हुआ था। इसके बाद दो दिन पहले पुलिस मेडिकल टीम को साथ लेकर जांच के लिए उसके घर पहुंची तो आरोपी युवक व उसके परिजनों ने कड़ा विरोध किया। काफी प्रयास के बाद युवक टेस्ट करवाने के लिए राजी हुआ। इसकी टेस्ट रिपोर्ट पाॅजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने आरोपी 35 वर्षीय युवक व उसके परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उन पर साजिशन संक्रमण फैलाने का आरोप है। पुलिस के राडार पर अब वो लोग भी हैं जिनके संपर्क में आरोपी युवक व उसके परिजन आए। उनके मोबाइल नंबरों व दूसरे माध्यमों से ऐसे लोगों का पता लगाया जा रहा है।
संपर्क में आये लोगों से होगी पूछताछ
पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपियों के संपर्क में आने वाले रिश्तेदारों व करीबियों से पूछताछ भी की जाएगी। इस घटना के बाद पुलिस व स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। बताया जाता है कि आईपीसी की धारा 269 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है तथा इसमें कई दूसरे सेक्शन भी जोड़े गए हैं। थाना सेक्टर-9ए एसएचओ संदीप ने एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपी व उसके परिजनों पर जानकारी छिपाने का आरोप है।
The post जमात से लौटे युवक पर साजिशन संक्रमण फैलाने का केस दर्ज appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2Rii1Lw
via Latest News in Hindi
0 Comments