पीजीआई चंडीगढ़ को मिला मॉनीटरिंग संस्थान का दर्जा
चंडीगढ़, 28 अप्रैल (ट्रिन्यू)
चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल को मंगलवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय और भारतीय चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) नयी दिल्ली द्वारा मॉनिटरिंग संस्थान का दर्जा दिया है। संस्थान को लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड के सभी सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में कोविड-19 के परीक्षण की क्षमता बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। यहां करीब 31 मेडिकल कॉलेज हैं। पीजीआई पंजाब और हरियाणा, ट्राइसिटी और आसपास के जिलों को कोरोना के परीक्षण की सुविधा भी
प्रदान करेगा। मंत्रालय के अनुसार इन सभी 31 मेडिकल कॉलेजों को उनके बुनियादी ढांचे, स्थान, कर्मचारियों, विशेषज्ञता, उपकरणों और अभिकर्मकों का आकलन करके राज्य सरकारों के सहयोग से मजबूत बनाने की आवश्यकता है क्योंकि कोरोना के परीक्षण के लिए उचित जैव-रोकथाम सुविधा के साथ स्थापित परिष्कृत आणविक प्रयोगशाला की आवश्यकता होती है।
प्रोफेसर जगत राम, निदेशक पीजीआई, की अध्यक्षता में कोरोना के परीक्षण शुरू करने के लिए मेडिकल कॉलेज लैब्स को स्वीकृति देने के लिए एक कोर कमेटी का गठन किया गया है। वायरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर मिनी पी सिंह को इन परीक्षण सुविधाओं की स्थापना के लिए प्रधान समन्वयक के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रो आरके राथो, वायरोलॉजी विभाग के प्रमुख, कोर समिति के सदस्य बनाया गया है। इसके लिए विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और मेडिकल संस्थानों के वरिष्ठ संकाय सदस्यों सहित कुल 40 लैब कर्मियों को गत 4 अप्रैल से 26 अप्रैल तक वायरोलॉजी विभाग, पीजीआईएमईआर में प्रशिक्षित किया गया है। यह कोविड के प्रति दिन लगभग 200 नमूनों की जांच कर रहा है।
अभी तक 7 प्रयोगशालाओं को कोविड परीक्षण शुरू करने के लिए हरी झंडी दी गई है और 2 को पहले चरण में मंजूरी मिलने की प्रक्रिया चल रही है।
The post पीजीआई चंडीगढ़ को मिला मॉनीटरिंग संस्थान का दर्जा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3d8HRKz
via Latest News in Hindi
0 Comments