गली-मोहल्लों में सब्जी बेचने की अनुमति लेने के लिए भीड़ उमड़ी
अंबाला शहर मार्केट कमेटी कार्यालय में शुक्रवार को रिटेल सब्जी बेचने की अनुमति लेने पहुंचे कुछ लोग -हप्र
अंबाला शहर, 17 अप्रैल (हप्र)
गली-मोहल्लों में सब्जी बेचने के लिए अनुमति पत्र लेने के लिए आज बीसियों लोग मार्केट कमेटी कार्यालय पर जमा हुए। कई किसान भी मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराने के लिए एकत्र हो गए। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी थीं।
सब्जी बेचने की अनुमति लेने आए लोगों ने बताया कि वे बरसों से रिटेल में सब्जी बेचने का काम करते हैं लेकिन पिछले 12 दिन से चक्कर काटने पर भी उन्हें अनुमति पत्र नहीं दिए गए जबकि ऐसे सैकड़ों लोग ये पत्र ले जा चुके हैं जिनका सब्जी बेचने से दूर का वास्ता भी नहीं। वैसे मार्केट कमेटी कार्यालय परिसर में इन लोगों ने सामाजिक दूरी का कोई ध्यान नहीं रखा। उधर, कई गांवों से अपने कागजात के साथ पाेर्टल पर पंजीकरण करवाने के लिए किसान लाइन बनाकर अपना काम करवाने में जुटे थे। स्टाफ की कमी के चलते काम धीमे होने के कारण किसानों को देर लग रही थी।
मार्केट कमेटी सचिव आशा ने बताया कि उनका कार्यालय 600 से भी ज्यादा लोगों को गली मोहल्लों में सब्जी बेचने के लिए अनुमति पत्र जारी कर चुका है, फिर भी अनगिनत लोग अनुमति मांगने के लिए आ रहे हैं। अब सब्जी आढ़तियों से बात करके इसका कोई रास्ता निकाला जाएगा ताकि वास्तविक सब्जी विक्रेता ही अनुमति प्राप्त कर सकें। सचिव ने बताया कि गेहूं खरीद प्रारंभ होने से पहले अधिकतम किसानों को पोर्टल पर पंजीकृत कर दिया जाएगा।
The post गली-मोहल्लों में सब्जी बेचने की अनुमति लेने के लिए भीड़ उमड़ी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2VDSZYv
via Latest News in Hindi
0 Comments