आलोक पुराणिक

चीनी टिकटॉक की तरफ से भारत को मास्क गिफ्ट दिये जाने की खबर है। चीनी कंपनियां दुनियाभर में थोड़ा-बहुत दान कर रही हैं।
कोरोना चीन से आया।
मास्क चीनी कंपनी से आयेंगे।
सब कुछ चीनी ही हो रहा है। टिकटॉक चीनी, कोरोना चीनी, मास्क चीनी। दर्द भी उनका, दवा के इंतजाम भी उनके-अगर हो पाये तो। दुनिया में इस कदर चीन कभी न हुआ था। ट्रंप कराह रहे हैं अमेरिका में क्यों-चीनी वायरस कोरोना। पूरा स्पेन त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहा है, क्यों–चीनी वायरस कोरोना।
चीन का आग्रह है कि कोरोना वायरस को चीनी वायरस न कहा जाये। इसे ग्लोबल कहा जाये। आतंकियों का कोई मजहब नहीं होता और वायरस का कोई देश नहीं होता। यानी अब कोरोना हर देश का हो चुका है। हर देश में कोरोना-कराह है। चीन में फैक्टरी दफ्तर खुलने की खबरें आ रही हैं। बाकी जगहों से बंद होने की खबरें आ रही हैं। कोरोना तबाही ग्लोबल तबाही है, मेड इन चाइना।
कोरोना के हल्ले में छत्तीसगढ़ में जुड़वां बच्चे हुए, एक का नाम रखा गया कोरोना और दूसरे का कोविद। मुझे डर है कि खौफनाक कोविद और कोरोना की यादें अगर जीवित रहीं, तो इन बच्चों के नामों के साथ क्या सलूक होगा। मान लीजिये कोविद की जन्मदिन पार्टी का निमंत्रण जाये, उसमें यह लिखा हो सकता है—कोविद के साथ आपकी मौजूदगी प्रार्थनीय है। यह निमंत्रणपत्र देखकर कमजोर दिलवाले तो वैसे ही टे बोल सकते हैं। नाम यूनिक हैं, पर खतरे भी बहुत यूनिक हैं इन नामों के। कोरोना की शादी के निमंत्रणपत्र की सोचकर अलग डर लग रहा है मुझे। कोरोना के मंगल-मिलन के अवसर आप आमंत्रित हैं—यह पंक्ति देखकर वह बंदा बेहोश हो सकता है।
यूनिकत्व की चाह बहुत भीषण होती है। यूनिक दिखने के लिए बंदा कुछ भी कर सकता है। कोरोना यूनिक नाम है और ज्यादा यूनिकत्व की चाह में कोरोना के पिताजी भी अपना नाम बदल सकते हैं चाहे जो हों वह, अपना नाम सार्स कर सकते हैं। सार्स नामक बीमारी कोरोना की बुजुर्ग ही है, एक ही कुटुंब के हैं सार्स और कोरोना। यूनिकत्व की चाह बड़ा कारोबार करा सकती है। सार्स-कोरोना मैरिज हाल भी खुल सकता है, सार्स-कोरोना कैमिस्ट शाप भी खुल सकती है। अपार कारोबारी संभावनाएं हैं। सार्स और कोरोना दोनों का ही ताल्लुक चीन से है। चीन हर आइटम में से कमाई की जुगाड़ निकाल सकता है। अगर कमाई होना शुरू हो जाये, तो चीन फिर कोरोना नाम के इस्तेमाल पर रॉयल्टी वसूलने की भी सोच सकता है।

The post ग्लोबल तबाही, मेड इन चाइना appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2wgrg7w
via Latest News in Hindi

0 Comments