अम्बाला में 89 लोगों की कोरोना रिपोर्ट मिलेगी आज
अंबाला शहर, 6 अप्रैल (हप्र)
कोरोना संक्रमण को लेकर अंबाला के लोगों का भविष्य काफी हद तक कल मंगलवार पर टिका है, जब तबलीकी जमात के 89 लोगों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक हो जाएगी। यदि उनकी रिपोर्ट नेगेटिव भी आती है तो उसका अर्थ होगा कि अंबाला में संक्रमण बाहर से ही आया है। इसी बीच आज भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा अंबाला शहर के चिकित्सा अधिकारियों एवं लैब टीम द्वारा 3 संदिग्ध रोगियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
जिन संदिग्ध कोरोना पीड़ितों के आज सैंपल लिए गए हैं, उनमें से एक सैंपल नागरिक अस्पताल अंबाला शहर में उपचाराधीन कोरोना पॉजिटिव रोगी का 10 दिन उपरांत वर्तमान स्थिति के आंकलन के लिए कोरोना टैस्ट हेतु पीजीआई रोहतक भेजा गया। यही नहीं, कोरोना के कारण मौत का शिकार बने एक व्यक्ति के घर के आसपास पूरी चौकसी बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड-19 कंटेनमेंट कार्यक्रम के अंतर्गत जिला अंबाला के ऐपिसेंटर -धुरी टिंबर मार्किट एवं आसपास की मस्जिदों तथा रिहायशी काॅलोनियों में सभी स्थानीय निवासियों का घर-घर जाकर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है।
आज से सभी वार्डों में फोगिंग
अंबाला शहर (हप्र) : अंबाला नगर निगम में सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए निगम आयुक्त पार्थ गुप्ता ने निगम के बड़े अधिकारियों को मैदान में उतार कर जिम्मेवारियां सुनिश्चित की हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि आज से सभी वार्डों में रोजाना फोगिंग का कार्य भी शुरू करवा दिया जाए।
कार्यकर्ता राहत कोष में देंगे सौ-सौ रुपया : कटारिया
पंचकूला (ट्रिन्यू) : भारतीय जनता पार्टी के 40वें स्थापना दिवस पर आज यहां सेक्टर 2 स्थित पार्टी कार्यालय में केंद्रीय जलशक्ति राज्यमंत्री रतन लाल कटारिया ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पार्टी के प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी, जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, जिला महामंत्री हरेंद्र मलिक भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया ने कहा कि भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी स्थापना दिवस पर हर कार्यकर्ता को 40 घरों में खाना पहुंचाना, 100-100 रुपए एकत्र कर प्रधानमंत्री कोरोना रिलीफ फंड में जिम्मा सौंपा है।
20 हजार को बांटी खाद्य सामग्री
अंबाला (निस) : गृह, शहरी स्थानीय निकाय एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के मार्गदर्शन में अग्रवाल धर्मशाला से वांलिटियर्स जरूरतमंद लोगों की सेवा करने का कार्य निरंतर कर रहे हैं। इस कार्य के तहत पिछले सप्ताह जहां लगभग 20 हजार जरूरतमंद लोगों को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध करवा दी गई थी, वहीं इस सप्ताह भी इस कार्य को निरंतर करते हुए जरूरतमंद लोगों को सामान उपलब्ध करवाया जा रहा है। मंत्री विज ने दो दिन पहले अग्रवाल धर्मशाला में इस सेंटर का निरीक्षण करते हुए समीक्षा भी की थी। मंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर विजेन्द्र चौहान ने बताया कि इस कार्य हेतु 40 इंचार्ज नियुक्त किये गये हैं, जोकि क्षेत्रों के तहत जरूरतमंद लोगों के घरों में जाकर यह सामग्री उपलब्ध करवा रहे हैं।
मशीनों को करना होेगा सेनेटाइज
अंबाला शहर (हप्र) : उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि फसलों के कटाई के मद्देनजर कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए निकटवर्ती प्रदेशों या जिलों से आने वाली कंबाइन, थ्रैशर मशीन अंबाला में बिना उपनिदेशक कृषि अंबाला की अनुमति के प्रवेश नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि प्रवेश से पहले चिन्हित स्थानों पर उपकरणों को सेनेटाइज करना अनिवार्य है।
तीसरे दिन भी लंगर जारी
चंडीगढ़ (ट्रिन्यू) : पंचकूला सेक्टर 12ए में स्थित भगवान परशुराम भवन में लगातार तीसरे दिन भी लंगर वितरण का कार्य जारी रहा। इसका आयोजन जागृति ब्रह्म सभा द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-14 स्थित पुलिस स्टेशन के सामने पार्किंग स्थल में किया गया। सभा के प्रधान एसपी शर्मा द्वारा इस पावन कार्य की पूर्ति के लिए एचएसवीपी और सोशल वर्कर्ज का सहयोग लिया गया। इस अवसर पर सभा के उपप्रधान एमएल बक्शी और महासचिव विजय भारद्वाज भी मौजूद रहे।
90 सदस्यों को किया क्वारंटाइन
अंबाला शहर (हप्र) : तबलीगी जमात के 90 सदस्यों को क्वारंटाइन किया गया है और उनमें से 33 सदस्यों को सरकारी संस्थानों में एवं शेष सदस्यों को निजी संस्थानों में क्वारंटाइन किया गया है। आज तक अंबाला से 157 सैंपलों को कोरोना टैस्ट हेतु भेजे जा चुका है, जिनमें से 89 सैंपलों की रिपोर्ट आनी शेष है। वर्तमान तक तीन सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है लेकिन यह सभी बाहर के हैं। सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह ने उक्त आंकड़ों की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला के कुल 1205 विदेश यात्री चिन्हित करके निगरानी हेतु होम क्वारंटाइन किया गया एवं उनमें से 406 विदेश यात्रियों को अपना क्वारंटाइन टाइम पूर्ण कर लिया है एवं 799 यात्री वर्तमान में क्वारंटाइन है। वर्तमान में 4 मरीज अस्पताल आइसोलेशन में दाखिल हैं, जिनमें से तीन रोगी नागरिक अस्पताल अंबाला शहर एवं एक रोगी नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी में उपचाराधीन है।
जिला में 22 शैल्टर होम स्थापित
अंबाला (निस) : उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि जिला में 22 शैल्टर होम स्थापित किये गये हैं, जिनमें सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि प्रवासी श्रमिकों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े। राधा स्वामी सत्संग व मंजी साहिब गुरुद्वारा द्वारा सम्बंधित शैल्टर होम में खाने की व्यवस्था उपलब्ध करवाकर प्रशासन का पूरा सहयोग किया जा रहा है। शैल्टर होम में सेनेटाइजेशन का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है। उपायुक्त ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा निरंतर प्रवासी श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच भी की जा रही है।
सिविल सर्जन को सौंपी 50 पीपीई किट
अंबाला शहर में विधायक असीम गोयल सिविल सर्जन को पीपीई किट सौंपते हुए। -हप्र
अंबाला शहर (हप्र) : मेरा आसमान संस्था के सौजन्य से विधायक असीम गोयल ने आज सिविल सर्जन अंबाला को 50 पीपीई किट उपलब्ध करवाईं ताकि इन किटों को प्रयोग करके चिकित्सक कोरोना से संक्रमित मरीजों का इलाज कर सकें। वहीं, कई सामाजिक संस्थाओं ने सीएम रिलीफ फंड के लिए विधायक को सहायता राशि के चेक भेंट किए। विधायक ने सिविल सर्जन को आश्वस्त किया कि मेरा आसमान संस्था द्वारा उन्हें आगे भी पूरा सहयोग किया जाएगा। अग्रवाल सभा मॉडल टाउन द्वारा एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपये, अग्रवाल संघ द्वारा 31 हजार रुपये, समाज सेवी राजेन्द्र दत्ता द्वारा 50 हजार रुपये का चेक सीएम रिलीफ फंड में देने के लिये विधायक को सौंपा।
खाद्य सामग्री बेचने वालों के लिये मास्क, दस्ताने अनिवार्य
पंचकूला (ट्रिन्यू) : उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने मार्केट कमेटी सचिवों व खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए है कि वे जिला में आवश्यक खाद्य सामग्री की बिक्री एवं डिलीवरी के समय मास्क, ग्लव्ज एवं हैंडकवर का उपयोग करवाना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा जारी हिदायतों की पालना करना अनिवार्य है। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सेनेटाइजेशन पर जोर देते हुए कहा कि सभी स्ट्रीट वेंडर्स जो आवश्यक सेवाओं की घर-द्वार पर डिलीवरी कर रहे हैं, उन्हें मास्क, ग्लव्ज एवं हैंडकवर का उपयोग अवश्य करना चाहिए। इसके अलावा सब्जी, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री बेचने वालों को भी बिना मास्क, ग्लव्ज एवं हैंडकवर के बगैर खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करनी चाहिए।
The post अम्बाला में 89 लोगों की कोरोना रिपोर्ट मिलेगी आज appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2xS2Wta
via Latest News in Hindi
0 Comments