नयी दिल्ली, 4 अप्रैल (एजेंसी)
सामाजिक कार्यों से जुड़ी उद्यमी इति रावत को हाल में एक ई-मेल मिला जिसमें एक महिला के हाथ पर एक लाल बिंदु बना था और संदेश लिखा था, ‘मुझे आपकी मदद की जरूरत है।’ महिला ने संकेत दिया कि उसके साथ घरेलू हिंसा हो रही है। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देश में लॉकडाउन के बीच घरेलू हिंसा के मामले अचानक बढ़ गये हैं। बंद के कारण आने-जाने पर लगी पाबंदी के कारण कई महिलाएं अपने साथ हिंसा करने वाले लोगों के साथ फंसी हुई हैं। कई महिलाएं या तो असमर्थ हैं या पुलिस को बुलाने से डरती हैं। एेसी महिलाओं से संपर्क साधने के लिए डब्लूईएफटी (वुमेन एंटरप्रेन्योर्स फॉर ट्रांसफॉर्मेशन) फाउंडेशन ने एक पहल की है। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम करने वाली इस गैर सरकारी संस्था की पहले के तहत कोई भी नागरिक किसी महिला की हथेली पर लाल बिंदु का निशान देखकर गैर सरकारी संगठनों या अधिकारियों को सूचित कर सकता है।
सहायता पाने के लिए 181 नंबर पर करें फोन
रावत ने कहा, ‘कोई नागरिक अगर किसी महिला की हथेली पर लाल बिंदु देखता है तो वह डब्लूईएफटी से सोशल मीडिया के माध्यम से या ईमेल कर जानकारी दे सकता है या सहायता पाने के लिए 181 नंबर पर फोन भी कर सकते हैं।’ रावत ने बताया कि 3 दिन पहले शुरू की गई पहल के बाद देश भर से घरेलू हिंसा की 20 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इस तरह का एक मामला कोलकाता से आया, जहां लॉकडाउन के बाद से पीड़िता अपने पति के साथ घर में थी। वह पत्नी को पीटता था, उसकी सारी जमा पूंजी ले ली और बेटे के सामने उससे मारपीट करता था। उन्होंने कहा, ‘उसने लाल बिंदु के मार्फत डब्लूईएफटी से संपर्क किया। हमने उसे भोजन दिया और उसकी सहायता की।’ रावत ने कहा कि इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए वह राष्ट्रीय महिला आयोग और यूएन वुमेन के संपर्क में हैं।

The post लॉकडाउन में घरेलू हिंसा के खिलाफ ‘लाल बिंदु’ appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2wTIUyv
via Latest News in Hindi

0 Comments