प्रदेश में अटका गेहूं का भुगतान
जितेंद्र अग्रवाल/हप्र
अम्बाला शहर, 28 अप्रैल
काफी विवादों के बाद प्रारंभ हुए गेहूं सीजन को 8 दिन बीत गए हैं लेकिन प्रदेश के आढ़तियों को सरकार की ओर से एक पैसा भी भुगतान नहीं किया गया। वहीं लिफ्टिंग काफी कमजोर होने के चलते 29 अप्रैल को एक दिन के लिए गेहूं खरीद का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड का पोर्टल आज तक अपडेट नहीं हुआ है। जिसके चलते अंबाला ही नहीं, पूरे प्रदेश में किसी भी खरीद एजेंसी द्वारा आढ़तियों को एक पैसा भी भुगतान नहीं किया गया है। हालांकि यह भुगतान केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकार के माध्यम से किया जाता है लेकिन अधिकारियों द्वारा पोर्टल अपडेट नहीं किए जाने से बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है। आढ़ती एसोसिएशन के प्रदेश संरक्षक दूनी चंद दानीपुर ने कहा कि सरकार ने अभी तक करोड़ों रुपये की आढ़त और लेबर धान सीजन की भी भुगतान नहीं किया और अब 48 घंटे में गेहूं भुगतान देने के स्थान पर 8 दिन बीत जाने पर भी पैसा नहीं दिया। केवल ब्याज से आय करने के लिए तरह तरह के बहाने बनाए जा रहे हैं क्योंकि किसी अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने मांग की कि 48 घंटों के बाद की देरी का आढ़तियों को बयाज भी सरकार अदा करे। इसी बीच कमजोर लिफ्टिंग के चलते हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड ने 29 अप्रैल को एक दिन के लिए गेहूं खरीद स्थगित कर दी है। मुख्य प्रशासक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश भेजे जा चुके हैं।
”मुख्यालय ने 29 अप्रैल को एक दिन के लिए गेहूं खरीद स्थगित करने के निर्देश दिए हैं। इस दिन केवल अभी तक खरीद किया गया गेहूं सभी खरीद केंद्रों से उठान करवाया जाएगा। 30 से फिर खरीद शुरू हो जाएगी।”
-आशा, सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी मार्केट कमेटी अंबाला शहर।
”हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड मुख्यालय का पोर्टल अपडेट नहीं होने के कारण प्रदेया में फिलहाल तक गेहूं खरीद का भुगतान नहीं किया जा सका। पोर्टल किसी भी समय अपडेट हो सकता है जिसके बाद भुगतान प्रारंभ हो जाएगा। साहा व शहजादपुर में खरीद केन्द्रों पर सरसों की खरीद की जा रही है।”
-वेदपाल मलिक, डीएम हैफड अंबाला।
The post प्रदेश में अटका गेहूं का भुगतान appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/35eZENb
via Latest News in Hindi
0 Comments