विदेश से लौटे नागरिकों ने बढ़ायी चीन की चिंता
वुहान के हवाई अड्डे पर बुधवार को अस्थायी अस्पताल बंद होने पर घरों को लौटते समय विदाई के मौके पर भावुक हुई एक मेडिकल कर्मी। -एजेंसी
बीजिंग/वुहान, 15 अप्रैल (एजेंसी)
चीन के स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विदेश से आ रहे नागरिकों को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि आने वाले समय में रूस से लगी पूर्वोत्तर सीमा पर स्थित शहर सुइफेनेहे दूसरा वुहान बन सकता है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बुधवार को कहा कि 46 नए मामलों में अधिकतर विदेश से लौटे चीनी नागरिक हैं। हाल ही में सामने आए मामलों की संख्या मंगलवार को 1,500 हो गई। सुइफेनेहे में रूस से आए अधिकतर लोग संक्रमित पाए गए हैं। वैसे चीन ने कोरोना के कुल मामलों में कमी आने के बाद फरवरी में बनाये अपने सबसे बड़े अस्थायी अस्पतालों में से एक को बुधवार को बंद कर दिया। यह अस्पताल 10 दिन के भीतर बनाया गया था। देशभर से मध्य हुबेई प्रांत में तैनात किए गए हजारों चिकित्सा कर्मी भी मिशन पूरा होने के बाद वुहान छोड़कर जा चुके हैं।
- अमेरिका में कोरोना से मरने वाले लोगों की संख्या मंगलवार को 25,000 के पार चली गई। देश में एक दिन में 2,129 लोगों की मौत हुई, जो एक दिन में मृतकों की सर्वाधिक संख्या है। इस जानलेवा विषाणु से देश में कुल 25,981 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार तक 6,05,000 से अधिक अमेरिकी कोरोना संक्रमित पाए गए।
- स्पेन में एक बार फिर से दैनिक मृतक संख्या में कमी दर्ज की गई है। सरकारी सूचना के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान वायरस से 523 लोगों की मौत हुई है। देश में इस आंकड़े के साथ ही महामारी से मरने वालों की कुल संख्या अब 18,579 हो गई है।
- पाकिस्तान में कोरोना के 272 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 6,000 के करीब पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 272 नए मामले आये। 11 मौतें होने के बाद कुल मृतकों की संख्या 107 पहुंच गई है।
दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या 20 लाख के पार
पेरिस (एजेंसी) : दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या आधिकारिक रूप से 20 लाख पार कर गई है। यह संख्या 20, 00,576 बतायी गई है जिनमें से 1,26,871 लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित यूरोप महाद्वीप है जहां 85,271 मौतें हुई हैं।
99 वर्षीय शख्स को सैन्य सम्मान के साथ छुट्टी
ब्राजील में द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान सैनिक रहे 99 वर्षीय शख्स को कोरोना से उबरने के बाद मंगलवार को अस्पताल से 8 दिन बाद सैन्य सम्मान के साथ छुट्टी दी गई। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान अफ्रीका में ब्राजीलियाई तोपखाना फौज में सेवा देने वाले सेकेंड लेफ्टिनेंट एर्मांडो पिवेटा को बिगुल बजाते हुए और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच ब्रासीलिया में आर्म्ड फोर्सेज अस्पताल से बाहर लाया गया।
The post विदेश से लौटे नागरिकों ने बढ़ायी चीन की चिंता appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2VftqhD
via Latest News in Hindi
0 Comments