करनाल, 13 अप्रैल (हप्र)

करनाल मेडिकल कालेज में खिड़की पर खड़े संदिग्ध कोरोना मरीज को बचाने की रणनीति बनाते पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारी। -हप्र

करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कालेज के आईसोलेशन वार्ड की चौथी मंजिल की खिड़की पर आ बैठे एक संदिग्ध कोरोना मरीज द्वारा नीचे कूदने की धमकी दिए जाने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा रहा।
काफी देर तक चले इस ड्रामे के बाद मेडिकल कालेज के सुरक्षा गार्डों ने ऊपर पहुंचकर मरीज को काबू कर लिया। इस दौरान मेडिकल कालेज और प्रशासन के अधिकारी दम साधे इस कार्रवाई को देखते रहे। बीते सप्ताह भी पानीपत के एक संदिग्ध कोरोना मरीज की आईसोलेशन वार्ड की छठी मंजिल की खिड़की से भाग निकलने के प्रयास में गिरकर मौत हो गई थी। अपने कमरे का दरवाजा भीतर से बंद करके खिड़की पर आ बैठे संदिग्ध मरीज ने सोमवार को चेतावनी देते हुए कहा कि उसकी मेडिकल रिपोर्ट दी जाए अन्यथा वह नीचे कूद जाएगा। सूचना मिलने में थाना सिविल लाईन के एसएचओ, एसडीएम, मेडिकल कालेज के अधिकारी और अग्निशमन दल के वाहन बचाव कार्य के लिए मेडिकल कालेज की ओर दौड़े।
मेडिकल कालेज के प्रवक्ता डाक्टर गुंजन चौधरी ने बताया कि इस संदिग्ध कारोना मरीज की रिपोर्ट आने वाली है। कुछ देर पहले वह फोन पर परिजनों से बात कर रहा था। उन्होंने कहा कि वह अपने परिजनों से नाराज लग रहा है। उसे बताया गया है कि आईसोलेशन के दौरान मरीज को परिजनों से मिलने नहीं दिया जाता।

खिड़कियां बंद करना व्यावहारिक नहीं : प्रवक्ता
गत सप्ताह भी एक संदिग्ध कोरोना मरीज की खिड़की से निकलते हुए गिरकर मौत हो जाने के बाद प्रशासन ने खिड़कियों को बंद करने और संदिग्ध कोरोना मरीजों की काउंसलिंग करवाने के लिए मेडिकल प्रशासन को कहा था। वहीं, मेडिकल कालेज के प्रवक्ता डाक्टर गुंजन चौधरी ने कहा कि खिड़की सील करना व्यावहारिक नहीं है। वेंटिलेशन जरूरी है। मरीजों के बाहर आने से रोकने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था हो सकती है। पर उसमें कुछ समय लगेगा।

The post संदिग्ध की धमकी से मेडिकल काॅलेज में हड़कंप appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3elaXHZ
via Latest News in Hindi

0 Comments