स्पेन में लगातार दूसरे दिन 900 से अधिक लोग बने काल का ग्रास
मैड्रिड/वाशिंगटन, 3 अप्रैल (एजेंसी)
स्पेन में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 900 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। देश में ऐसा लगातार दूसरे दिन हुआ है जब इस संक्रमण ने 900 से अधिक लोगों की जान ले ली है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इटली के बाद स्पेन में इस वायरस से सर्वाधिक लोगों की मौत हुई है। स्पेन में पिछले 24 घंटों में 932 लोगों की मौत हो गई। देश में अभी तक इस संक्रमण से 10,935 लोगों की मौत हो चुकी है और 1,17,710 लोग संक्रमित हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से इस बात की पुष्टि होती है कि नए मामलों और मृतक संख्या के बढ़ने की दर में लगातार कमी आ रही है। पिछले सप्ताह के मध्य में संक्रमण दर 20 प्रतिशत और बृहस्पतिवार को 7.9 प्रतिशत बढ़ी थी जबकि ताजा संख्या के अनुसार इसमें 6.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। दुनियाभर में संक्रमित लोगों की संख्या 10 लाख के पार हो गई है तथा 50,000 लोग जान गंवा चुके हैं। आधी से ज्यादा दुनिया के लॉकडाउन जैसे हालात में रहने के बावजूद यह विषाणु तेजी से फैल रहा है। अर्थव्यवस्थाएं चरमरा रही है। नए आंकड़ों के अनुसार, 66.5 लाख अतिरिक्त अमेरिकियों ने पिछले सप्ताह बेरोजगारी लाभ के लिए हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही मार्च के पिछले 2 हफ्तों में एक करोड़ लोग अपनी नौकरी गंवा चुके हैं। अर्थशास्त्रियों ने आगाह किया कि हालात और बिगड़ने वाले हैं। वित्तीय रेटिंग एजेंसी फिच ने बृहस्पतिवार को अनुमान जताया कि अमेरिका और यूरोजोन की अर्थव्यवस्थाएं इस तिमाही में 30 प्रतिशत तक सिकुड़ेंगी। अकेले इटली और स्पेन में ही पूरी दुनिया में मरने वाले लोगों की आधी संख्या है लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि दोनों देशों में नए संक्रमण के मामले कम हो रहे हैं।
पाक में संक्रमितों की संख्या 2,400 के पार
इस्लामाबाद (एजेंसी) : पाकिस्तान में कोरोना के मामले शुक्रवार को 2,400 का आंकड़ा पार कर गए। वहीं, अधिकारी इस संक्रामक रोग को फैलने से रोकने के लिए एक साथ मिलकर नमाज पढ़ने वाले लोगों की संख्या 5 तक सीमित करने की सरकार की अधिसूचना के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों को एकत्रित करने से रोकने के लिए जूझ रहे हैं। देश में इस वैश्विक महामारी से 35 लोगों की मौत हो चुकी है। एक हफ्ते से अधिक समय के आंशिक लॉकडाउन के बावजूद मामलों की संख्या रोज बढ़ रही है।
The post स्पेन में लगातार दूसरे दिन 900 से अधिक लोग बने काल का ग्रास appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3aIKBNE
via Latest News in Hindi
0 Comments