नयी दिल्ली, 3 अप्रैल (एजेंसी)
कोरोना वायरस को पराजित करने की देश की ‘सामूहिक शक्ति’ को प्रदर्शित करने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों से अपील की कि वे रविवार 5 अप्रैल को रात 9 बजे अपने घरों की बालकनी में खड़े रहकर 9 मिनट तक मोमबत्ती, दीया, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलायें। प्रधानमंत्री ने देशवासियों के लिये वीडियो संदेश में इस दौरान लोगों से सामाजिक दूरी को बनाये रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सामाजिक दूरी बनाये रखना ही कोरोना की शृंखला को तोड़ने का रामबाण इलाज है। उन्होंने कहा, ‘मेरी प्रार्थना है कि इस आयोजन के समय किसी को भी कहीं पर भी इकट्ठा नहीं होना है। रास्तों में, गलियों या मोहल्लों में नहीं जाना है, अपने घर के दरवाज़े, बालकनी से ही इसे करना है।’ मोदी ने कहा, ‘हमें कोरोना के खिलाफ 130 करोड़ देशवासियों के महासंकल्प को नयी ऊंचाइयों पर ले जाना है। उन्होंने 19 मार्च और फिर 24 मार्च को राष्ट्र को संबोधित किया था।

कांग्रेस ने संबोधन निराशाजनक बताया
नयी दिल्ली : कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश को निराशाजनक करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि किसी भी वर्ग की उम्मीद पूरी नहीं हुई। पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने ट्वीट किया, ‘प्रधानमंत्री जी, हम आपकी सुनेंगे और पांच अप्रैल को दीया भी जलाएंगे, लेकिन बदले में आप हमें, महामारी विशेषज्ञों और अर्थशास्त्रियों की विवेकपूर्ण सलाह को सुनें।’ वहीं, भाजपा ने इस पहल की प्रशंसा की। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट किया, ‘ सभी पार्टी कार्यकर्ता इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं …इस कोरोना संकट के अंधकार को पराजित करने वाले हमारे एकजुट विश्वास के प्रकाश
को फैलाएं।’

The post सामूहिक शक्ति प्रदर्शन  के लिए कल दीये जलाएं appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/39IFyvg
via Latest News in Hindi

0 Comments