शिमला में मंगलवार को कर्फ्यू में ढील दिये जाने पर लाइन में लग कर खरीदारी करते लोग। -अमित कंवर

शिमला, 7 अप्रैल (निस)
हिमाचल प्रदेश में कोरोना लगातार पैर पसार रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कोरोना वायरस के 4 नए रोगियों की पुष्टि हुई है। इस तरह प्रदेश में कोरोना रोगियों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।
प्रदेश में जो 4 कोरोना रोगी सामने आए हैं वह सभी चंबा जिला के दुर्गम क्षेत्र तीसा के हैं और सभी तबलीगी जमात से संबंधित हैं। ये लोग दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तबलीगी जमात के मरकज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे और बीते 20 मार्च को पठानकोट तक ट्रेन से तथा इसके बाद गाड़ी से तीसा पहुंचे थे। इन चारों रोगियों में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद इन्हें आइसोलेट कर दिया गया है।
प्रदेश में अभी तक जिन 18 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है उनमें से 2 ठीक होकर अस्पताल से घर चले गए हैं जबकि 2 लोगों की मौत हो गई है। तीन कोरोना संक्रमित रोगियों का आईजीएमसी शिमला, 4 का टांडा और तीन का नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
इस बीच तीसा के जिस इलाके में ये चार कोरोना रोगी पाए गए हैं वहां की 15 पंचायतों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और यहां अनिश्चतकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है। उपायुक्त ने ये भी बताया कि कोरोना संक्रमित 4 लोगों के संपर्क में आए 35 लोगों की अभी तक पहचान की गई है। इन्हें क्वारंटाइन कर इनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
प्रदेश पुलिस महानिदेशक एसआर मरढी ने आज शिमला में मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में इस समय कुल 421 तबलीगी जमाती और इनके संपर्क में आए लोगों को कोरंटाइन में रखा गया है।

The post चंबा के तीसा में 4 तबलीगियों में संक्रमण की पुष्टि appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2V5PNVm
via Latest News in Hindi

0 Comments