शोपियां में शुक्रवार को आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान मोर्चा संभाले सेना के जवान। – प्रेट्र

सुरेश डुग्गर/हप्र
जम्मू, 17 अप्रैल
सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को कश्मीर के शोपियां तथा जम्मू क्षेत्र के किश्तवाड़ में दो-दो आतंकियों को ढेर कर दिया। मारे गए आतंकियों में से 2 ने पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो एसपीओ पर हमला किया था, जिनमें से एक शहीद हो गया था। आतंकवादी एसपीओ के हथियार लेकर जंगल की ओर भाग गये थे। पुलिस ने बताया कि सुरक्षाबलों का दल जंगलों में इन हमलावरों की तलाश कर रहा था। खुद को घिरा देख दोनों ने जवानों पर गोलियां चला दीं और मुठभेड़ में मारे गये।
सुरक्षाबलों ने कहा कि इन दोनों हमलावरों को मार हमने अपने साथियों का बदला ले लिया है। इससे पहले सुबह सुरक्षाबलों ने शोपियां में एक मुठभेड़ में दो आतंकियों को ढेर कर दिया। इनके नाम आसिफ और आशिक बताए जा रहे हैं। ये दोनों हिज्बुल मुजाहिदीन से जुड़े हुए थे। शुक्रवार को मारे गए चार आतंकियों के साथ ही जम्मू-कश्मीर में इस महीने अभी तक 18 आतंकी ढेर किए गए हैं। इस तरह इस वर्ष अभी तक 59 आतंकियों को मार गिराया गया है।
पकड़ा गया 25 साल से लापता आईएस कमांडर
कश्मीर में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के लिए आतंकियों को भर्ती करने वाले एजाज अहमद उर्फ अली मोहम्मद उर्फ उसामा अल कश्मीरी को अफगानिस्तान से गिरफ्तार किया गया है। एजाज 1990 में आतंकी बनने पाकिस्तान गया था। फिर अफगानिस्तान। बाद में श्रीनगर लौटा और पकड़ा गया। जेल से छूटने के बाद एजाज ने शादी की और 1995 में लापता हो गया। पता चला कि चार साल पहले वह आईएस से जुड़ गया।

The post एसपीओ के हत्यारों समेत 4 आतंकी ढेर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3etO1Gp
via Latest News in Hindi