पंचकूला 3 और जमाती संक्रमित
पंचकूला में शुक्रवार को सेक्टर 15 में संदिग्धों के सैंपल ले जा रहे स्वास्थ्य कर्मियों की जानकारी लेती एक पुलिस कर्मी। -रवि कुमार
आदित्य शर्मा/शहबाब सैमुअल
पंचकूला/ चंडीगढ़/पिंजौर 17 अप्रैल
पंचकूला में एक ही परिवार के 9 सदस्यों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद शुक्रवार को जमात से जुड़े 3 और जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कोविड-19 के मामले अचानक बढ़ने के बाद पंचकूला प्रशासन के हाथ पांव फूल गए हैं। हाल ही में राजस्थान के सीकर में जमात में शामिल हुए कालका के रहने वाले 28 वर्षीय अलीबख्श समेत 3 लोग संक्रमित पाए गए। पंचकूला की सीएमओ डाक्टर जसजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार को जिन 3 जमात से जुड़े लोग संक्रमित पाए गए ये तीनों हाल ही में राजस्थान के सीकर से लौटे थे। इन तीनों को नाडा साहिब में क्वारंटाइन करके रखा गया था। उन्होंने बताया कि 14 दिन के क्वारंटाइन का समय पूरा होने के बाद इनका दूसरा टेस्ट किया तो उसमें ये तीनों पॉजिटिव पाए गए। अब 17 लोग कोरोना पॉजिटिव केसों में से नर्स और महिला डिस्चार्ज होने के बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 15 हो गई है।
सेक्टर 15 में एक ही परिवार के 9 लोगों के पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। पुलिस ने जानकारी छुपाने पर पंचकूला के सेक्टर 11 के डाक्टर ऋषि नागपाल के खिलाफ केस दर्ज किया है। डाक्टर नागपाल सेक्टर 15 में रहने वाली महिला का इलाज कर रहे थे। उधर, डाक्टर के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद आईएमए पंचकूला ने भी अनिल विज के आदेश को गलत बताया। आईएमए के पंचकूला के जिलाध्यक्ष के मुताबिक डाक्टर ने महिला के बारे मंे सूचना दी थी, तभी केस ट्रेस हो पाया था।
बनोई खुदाबक्श गांव बना हॉटस्पॉट
कालका-खेड़ांवाली रोड पर गांव खेड़ांवाली से थोड़ा आगे पड़ती पंचायत बनोई खुदाबख्श कोरोना मरीजों के मामले में कालका का हॉटस्पॉट बन गया है। गत रात्रि यहां के 18 वर्षीय एक युवक का कोरोना का चौथा मामला सामने आया है, जो 37 अन्य लोगों के साथ तबलीगी जमात में राजस्थान गया हुआ था। इससे पूर्व जमात के 3 तीन लोगों के कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। गत सप्ताह से यह गांव पूरी तरह से सील कर रखा है किसी को भी घर से निकलने या गांव से बाहर जाने या किसी को गांव में जाने की इजाजत नहीं है। पुलिस का यहां पर सख्त पहरा लगा हुआ है। कालका की ओर हरियाणा जबकि दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नाका लगाकर गांव को सील कर रखा है। अल्पसंख्यकों का यह गांव खुदाबक्श हिमाचल बॉर्डर पर हरियाणा का अंतिम गांव है, जो हिमाचल बरोटीवाला की चितकारा यूनिवर्सिटी के समीप है। जिला परिषद सदस्य धर्मवीर सिंह ने बताया कि कालका एसडीएम और पुलिस प्रशासन ग्रामीणों के राशन पानी की खुद आपूर्ति कर रहा है ताकि ग्रामीणों को कोई दिक्कत न आए।
The post पंचकूला 3 और जमाती संक्रमित appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2KeTSkZ
via Latest News in Hindi
0 Comments