कोरोना के 3 मामलों के बाद सेनेटाइजेशन का काम जोरों पर
पिंजौर, 11 अप्रैल (निस)
बनोई खुदाबख्श और बक्शीवाला गांवों में कोरोना के 3 मामले मिलने के बाद प्रशासन ने शनिवार को पिंजौर, कालका क्षेत्र के कालका रेलवे रोड सहित मेन बाजार में दमकल की गाड़ी से सेनेटाइजर का छिड़काव किया। दुकानों और सड़क किनारे खड़े वाहनों पर दवा का छिड़काव कर उन्हें सेनेटाइज किया गया। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले वाहनों पर भी दवा का छिड़काव किया गया। पिंजौर में भी सैनेटाइजेशन का काम जारी है।
कोरोना के मामलों के बाद हिमाचल की सीमा पर परवाणू, टकसाल, जंगेसु के बॉर्डर सील कर दिए हैं। दरअसल परवाणु की फैक्टरियों में काम करने वाले सैकड़ों मजदूर कालका के खेड़ा सीताराम, अप्पर मोहल्ला में ही रहते हैं। इसलिए हिमाचल सरकार नहीं चाहती कि कालका से कोई व्यक्ति हिमाचल में प्रवेश करे।
गत 2 वर्षों से कालका, परवाणु में बरसाती मौसम के दौरान डेंगू के सैकड़ों मामले आने के बाद दोनों प्रदेशों का प्रशासन एक दूसरे पर डेंगू फैलाने के आरोप लगाता रहा है। एसडीएम कालका राकेश संधू ने शनिवार को बताया कि कालका उपमंडल के साथ लगती हिमाचल पंजाब की सीमाओं को पूरी तरह सील किया गया है।
ग्रामीणों का किया गया चेकअप
पिंजौर ब्लाॅक के गांव मीरांपुर बक्शीवाला निवासी एक बुजुर्ग जमाती के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे गांव का निरीक्षण कर ग्रामीणों का चेकअप किया और दवा का छिड़काव कर पूरे गांव को सैनेटाइज किया। बक्शीवाला और बनोई खुदाबख्श से 3 दर्जन से अधिक लोग गत फरवरी में तबलीगी जमात में हिस्सा लेने गए थे लेकिन इस दौरान लॉकडाउन लगने के कारण सभी जमाती राजस्थान के सीकर में फंस गए थे।
फंसे हुए 37 जमाती राजस्थान प्रशासन से विशेष अनुमति लेकर गत 30 मार्च को बनोई खुदाबख्श पहुंचे थे गांव पहुंचने पर उनका टेस्ट करवाया गया। उसी दिन सभी जमातियों को नाडा साहिब में आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया था जिनमें से टेस्ट के बाद 3 जमातियों का कोरोना पॉजिटिव आया था।
The post कोरोना के 3 मामलों के बाद सेनेटाइजेशन का काम जोरों पर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2V1eKCB
via Latest News in Hindi

0 Comments