30% मामले एक ही स्थान से जुड़े
अगरतला में शनिवार को दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज से लौटे लोगों को कोरोना जांच के लिए ले जाते स्वास्थ्यकर्मी। -प्रेट्र
नयी दिल्ली, 4 अप्रैल (एजेंसी)
देश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 3 हजार के पार पहुंच गया है। शुक्रवार के बाद से संक्रमितों की संख्या में 600 से ज्यादा का इजाफा हुआ है, जो एक दिन में सर्वाधिक है। हालांकि, सरकार ने कहा है कि दहशत में आने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भारत में इस वायरस के फैलने की दर कई अन्य देशों की तुलना में कम है और 30 फीसदी मामले सिर्फ ‘एक ही जगह’ के हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कम से कम 1023 मामले पिछले महीने दक्षिणी दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तबलीगी जमात के धार्मिक कार्यक्रम से संबद्ध पाये गये हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि इस कार्यक्रम से जुड़े संक्रमण का 17 राज्यों में पता चला है, इससे जाहिर होता है कि करीब 30 प्रतिशत मामले, एक खास स्थान से हैं। वहीं, गृह मंत्रालय ने बताया कि तबलीगी जमात के सदस्यों और उनके संपर्क में आये करीब 22 हजार लोगों को अलग रखा गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के पोर्टल पर शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कुल 3072 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। मरने वालों का आंकड़ा 75 हो गया है।
मोदी ने की ट्रंप से बात, महामारी से निपटने का संकल्प
कोरोना से उत्पन्न स्थिति से निपटने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ शनिवार को विस्तृत बातचीत की। दोनों नेताओं ने महामारी के खिलाफ लड़ाई में भारत-अमेरिका साझेदारी की पूरी ताकत का उपयोग करने का संकल्प लिया। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ टेलीफोन पर विस्तृत चर्चा हुई।’ उन्होंने कहा, ‘हमारी चर्चा काफी अच्छी रही और हमने कोरोना से निपटने में भारत-अमेरिका साझेदारी की पूरी ताकत का उपयोग करने पर सहमति व्यक्त की।’
8 को राजनीतिक दलों के नेताओं से करेंगे बात : प्रधानमंत्री मोदी 8 अप्रैल को वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये लोकसभा एवं राज्यसभा में विभिन्न दलों के नेताओं के साथ संवाद करेंगे। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री संसद के दोनों सदनों में उन दलों के नेताओं के साथ संवाद करेंगे जिनके 5 से अधिक सांसद हैं ।
‘घर पर बना मास्क’ लगाने का सुझाव
भारत में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी आने के साथ ही केंद्र सरकार ने शनिवार को एक परामर्श जारी कर कोविड-19 का प्रसार रोकने के लिये लोगों से ‘घर पर बना मास्क’ लगाने को कहा है, खास तौर पर तब जब वे घरों से बाहर निकलें। ‘चेहरे और मुंह के बचाव के लिये घर में बने सुरक्षा कवर के इस्तेमाल पर परामर्श’ में सरकार ने कहा कि ऐसे मास्क के इस्तेमाल से बड़े पैमाने पर समुदाय का बचाव होगा और कई देशों ने घर में बने मास्क के आम लोगों के लिये फायदेमंद होने का दावा किया है। इसमें कहा गया है कि घर में बने ऐसे मास्क को रोज धोना व साफ किया जाना चाहिए। नियमावली के मुताबिक मास्क बनाने के लिये कोई भी सूती कपड़ा इस्तेमाल किया जा सकता है।
The post 30% मामले एक ही स्थान से जुड़े appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/348wNK0
via Latest News in Hindi
0 Comments