अग्रवाल धर्मशाला कैंप ने 30 हजार लोगों को दिया भोजन
अंबाला, 10 अप्रैल (निस)
लॉकडाउन के दौरान भूखों को राशन वितरण करने वाला अंबाला छावनी अग्रवाल धर्मशाला कैंप से करीब 30 हजार लोगों को राशन वितरित किया गया है। कैंप का नेतृत्व प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज कर रहे हैं। उन्होंने छावनी को 40 भागों में बांट कर पहले दिन से ही इस समाज सेवा को शुरू किया था। विज के अनुसार इस कैंप में अधिकतर लोग भाजपा से जुड़े हैं लेकिन इसके बाद भी इसे गैर राजनीतिक रखा गया है। जिसके चलते अन्य दलों के लोग भी यहां आकर सेवा कर रहे हैं। इतना ही नहीं इस कैंप की ओर अंबाला प्रशासन का भी पूरा ध्यान है। हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट की नेता चित्रा सरवारा की सांझी रसोई भी भूखों को भोजन देने में बेहतर काम कर रही है। तीन दिन पहले शुरू हुई इस रसोई में बहुत लोगों को खाना दिया गया है। इस रसोई के माध्यम से करीब 1500 जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया गया है।
इनसो ने कोरोना फाइटर्स को वितरित किये सेनेटाइजर
अंबाला शहर (हप्र) अंबाला में जन नायक जनता पार्टी की छात्र इकाई इनसो की जिला इकाई ने पुलिस कर्मियों और पत्रकारों को सेनेटाइजर वितरित किये और उनका आभार व्यक्त किया। जन नायक जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विवेक चौधरी ललाणा और इनसो जिला प्रधान नवीन हरी ने कहा कि इनसो की टीम राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला के निर्देशों पर कोरोना फाइटर्स को सेनेटाइजर वितरित करने के साथ उनका आभार व्यक्त कर रही है। इसमें डाक्टर्स, स्टाफ नर्सें, आशा वकर्स, सफाई कर्मचारी व पुलिस और पत्रकार शामिल है। विवेक ने इस दौरान इन सभी का धन्यवाद भी किया।
असीम गोयल ने डाक्टरों, मेडिकल स्टाफ को किया सम्मानित
विधायक असीम गोयल ने कोविड-19 कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव बारे संकट की घड़ी में एक योद्धा के रूप में समाज व देश के लिये किये जा रहे कार्यों के लिये डॉक्टरों व अन्य चिकित्सा स्टाफ को सिविल सर्जन कार्यालय में फूलमाला पहनाकर प्रोत्साहित किया। इसके अलावा विधायक ने पत्रकारों को भी सम्मानित किया। विधायक असीम गोयल ने कहा कि इस समय डॉक्टर अपने परिवार तथा स्वास्थ्य की चिंता न करते हुए समाज व देश के लिये महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। वहीं पत्रकार झूठी अफवाहों की वास्तविकता जानने के लिये धरातल पर जाकर कार्य कर रहे हैं और सच्चाई को समाज के सामने ला रहे हैं।
बेसहारा पशुओं की सेवा में लगे हैं युवा कांग्रेसी
अंबाला शहर (हप्र) : भूखे बेसहारा पशुओं की जान बचाने के लिए युवा कांग्रेस आगे आई है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा इन पशुओं को चारा व रोटी दी जा रही है वहीं जख्मी पशुओं का उपचार भी करवाया जा रहा है। यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष तरुण चुघ के नेतृत्व में युवाओं की एक टोली में शामिल राहुल अग्रवाल, राजू जंडली, नरेंद्र मनोचा, अनुपम, वरुण शर्मा व पुनीत कुमार बेसहारा पशुओं की जान बचाने में जुटे हैं। लॉकडाउन की वजह से बेसहारा पशु चारे की वजह से भूखे मरने की कगार पर पहुंच गए थे। इनमें गायें व भैंस के साथ कुत्ते भी शामिल हैं। पशुओं के लिए रोज डेढ़ क्विंटल चारे की व्यवस्था की जा रही है। कुत्तों के लिए रोटी व ब्रेड जुटाई जा रही है। झुग्गी बस्तियों में रहने वाले 500 से ज्यादा लोगों को मास्क बांटे गए। कई परिवारों को खाद्य सामग्री भी उपलब्ध करवाई गई।
हिंदू तख्त ने सौंपा 10 क्विंटल आटा
लॉकडाउन में जरूरतमंदों की मदद करने के लिए एटीएफआई और हिंदू तख्त की ओर से आज जिला प्रशासन को 10 क्विंटल आटा दिया गया। तख्त के राष्ट्रीय प्रचारक वीरेश शांडिल्य ने यह सहयोग उन्होंने पंचायत भवन में अंबाला के सिटी मजिस्ट्रेट कपिल कुमार शर्मा व रेडक्रॉस की सचिव विजय पंडित के माध्यम से किया।
दिगम्बर जैन सभा, जैन परिवार मिलन ने बांटा भोजन
अंबाला (नस) : वैश्विक आपदा के इस अवसर पर लॉकडाउन में जरूरतमंदों का पेट भरने के लिये श्री दिगम्बर जैन सभा एवं जैन परिवार मिलन सेवा का कार्य कर रहे हैं। सभा के महासचिव विजय जैन ने बताया कि यह सेवा कार्य 14 अप्रैल चलता रहेगा। आज 15वें दिन दिगम्बर जैन सभा एवं जैन परिवार मिलन के सदस्यों द्वारा लक्की फार्म में लगभग 450 व्यक्तियों को भोजन और साबुन के पैकेट का वितरण किया गया।
The post अग्रवाल धर्मशाला कैंप ने 30 हजार लोगों को दिया भोजन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3aZMHJn
via Latest News in Hindi
0 Comments