20 तक सख्ती, फिर कुछ छूट संभव
नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (ट्रिन्यू/एजेंसी)
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिये लागू देशव्यापी लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाने की मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की। इस संबंध में बुधवार को विस्तृत दिशानिर्देश जारी होंगे। करीब 25 मिनट के राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘अगले एक सप्ताह में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में कठोरता और ज्यादा बढ़ाई जाएगी। 20 अप्रैल तक हर कस्बे, थाने, जिले, राज्य को परखा जाएगा कि वहां लॉकडाउन का कितना पालन हो रहा है।’ जो क्षेत्र इस अग्नि परीक्षा में सफल होंगे जिनके हॉटस्पाट में बदलने की आशंका भी कम होगी, वहां पर 20 अप्रैल से कुछ जरूरी गतिविधियों की अनुमति दी जा सकती है।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत कई विकसित देशों की तुलना में महामारी के फैलाव को रोकने में सफल रहा है। मोदी ने कहा ‘वयं राष्ट्रे जागृयाम’ अर्थात हम सभी राष्ट्र को जीवंत और जागृत बनाए रखेंगे। उन्होंने हाथ जोड़कर सभी से अनुरोध किया कि अब कोरोना को किसी भी कीमत पर नए क्षेत्रों में फैलने नहीं देना है। उन्होंने देश के युवा वैज्ञानिकों से आग्रह किया कि वे विश्व व मानव कल्याण के लिए आगे आकर कोरोना की वैक्सीन बनाने का बीड़ा उठाएं।
मोदी ने लोगों से 7 विषयों पर सहयोग भी मांगा जिसमें बुजुर्गो का ध्यान रखने, गरीबों के प्रति संवेदनशील नजरिया अपनाने, लोगों को नौकरी से नहीं निकालने, सामाजिक दूर बनाने जैसे मुद्दे शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर सिर्फ आर्थिक दृष्टि से देखें तो अभी ये मंहगा जरूर लगता है, लेकिन भारतवासियों की जिंदगी के आगे, इसकी कोई तुलना नहीं हो सकती। प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग रोज की कमाई से अपनी जरूरतें पूरी करते हैं, इनके जीवन में आई मुश्किल को कम करना उनकी प्राथमिकताओं में एक है।
इस बीच, हवाई और ट्रेन सेवा भी रद्द रहेगी। भारतीय रेलवे ने कहा है कि 3 मई तक रद्द की गई ट्रेनों के ऑनलाइन टिकट लेने वालों के पैसे खुद वापस आ जाएंगे और काउंटर टिकट लेने वाले लोग 31 जुलाई तक पैसे ले सकते हैं। उधर, नागर विमानन मंत्रालय ने भी कहा कि सभी अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू व्यावसायिक यात्री उड़ान सेवाओं पर 3 मई की मध्यरात्रि तक रोक रहेगी। नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट किया, ‘हम उन लोगों की समस्या को समझ सकते हैं जिन्हें यात्रा करने की जरूरत है और उनसे हमारे साथ इसका सामना करने का अनुरोध करते हैं।’ इस बीच कई एयरलाइंस कर्मियों ने खर्च में कटौती के तहत वेतन कटौती से लेकर बिना वेतन अनिवार्य छुट्टी तक के फैसले किए हैं। उधर, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत में लॉकडाउन बढ़ाने के फैसले की सराहना की है।
आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार है : शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘देश के गृह मंत्री के नाते मैं जनता को पुनः आश्वस्त करता हूं कि देश में अन्न, दवाई आदि का पर्याप्त भंडार है, किसी को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही संपन्न लोगों से आग्रह करता हूं कि आसपास रहने वाले गरीबों की सहायता करें।’ गृह मंत्री ने कहा कि इस लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हमारे डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों, सफाई कर्मचारियों, पुलिस और सभी सुरक्षाकर्मियों का योगदान दिल को छू लेने वाला है।
‘योद्धाओं’ का सहयोग करें : सोनिया
पीएम के संबोधन से पहले जारी वीडियो संदेश में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा, ‘आज कोरोना वायरस के इस संकट से निपटने में आप सभी के इस लड़ाई में खड़े रहने से बड़ी देशभक्ति और क्या हो सकती है।’ सोनिया ने कहा, ‘हमारे चिकित्सक, सुरक्षाकर्मी, स्वास्थ्य कर्मचारी, सफाईकर्मी और समाज सेवी संगठन व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की कमी होने के बावजूद इलाज कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘लोगों के सहयोग के बिना इनकी लड़ाई कमजोर पड़ सकती है और हमें ऐसा नहीं होने देना है। हमें इन सभी को सम्मान देना है।’ इस बीच, कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, पीएम के भाषण में कुछ भी विशेष नहीं था। वित्तीय पैकेज की घोषणा नहीं की गयी, कोई ठोस बात नहीं है।’
The post 20 तक सख्ती, फिर कुछ छूट संभव appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2yc6syS
via Latest News in Hindi
0 Comments