पलवल, 2 अप्रैल (हप्र)
लॉकडाउन में कानून की अवेहलना करने पर पुलिस ने थाना क्षेत्र से 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन्हीं आरोपियों में 4 आरोपियों से अवैध शराब को बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं गदपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव भुरजा में रात के समय पूर्व सरपंच के घर के सामने हवाई फायरिंग कर गाली-गलौंच देने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा गांव जटोला में पहुंचे पुलिस कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला प्रकाश में आया है। गदपुरी थाना पुलिस ने बघौला पुलिस चौकी इंचार्ज की शिकायत पर चार नामजद व चार-पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर गांव आल्हापुर के समीप शराब ठेके का गेट तोडक़र चोर लाखों रुपये की शराब को चोरी कर ले गए। बताया गया है कि चोर ठेके के पीछे वाले गेट को तोड़कर लगभग चार-पांच लाख रुपये की शराब को चोरी कर ले गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

यूक्रेन में फंसे विद्यार्थी, पीएम मोदी से मांगी मदद
पलवल (हप्र) : रूस में फंसे 12 एमबीबीएस छात्रों के बाद अब यूक्रेन में भी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे पलवल के छात्र-छात्राओं ने भी वापिस भारत देश लाने की गुहार लगाई है। यूक्रेन के एक मेडिकल विश्वविद्यालय में भारत से करीब 60 छात्र हैं। इनमें अधिकांश छात्र पलवल व हरियाणा के ही बताए गए हैं। कोरोना के चलते वहां फंसे इन छात्रों का रोकर बुरा हाल है। बच्चे परिजनों से वापस बुलाने की गुहार लगा रहे हैं। इसके साथ ही बच्चों ने पीएम मोदी से भी मदद मांगी है। बच्चों ने पीएमओ को ट्वीट किया है। परिजनों को भी बच्चों की जान की चिंता सताने लगी है। यूक्रेन में फंसे पलवल जिले के छात्र लोकेश कुमार होडल ने बताया कि वे कोरोना के चलते विश्वविद्यालय के अंदर हॉस्टल में बंद कर दिए गए हैं। न तो उन्हें बाहर जाने दिया जा रहा है और न ही किसी को अंदर आने दिया जा रहा है। भारतीय छात्रों के साथ बेहद बुरा व्यवहार हो रहा है। लोकेश ने बताया कि उनके साथ पलवल जिले से प्रदीप, शुभम सैनी, रवि चौधरी, संध्या तंवर, अशोक मिश्रा, प्रीत कौर, सुनील कौशिक सहित करीब 60 छात्र पूरे हरियाणा से हैं। वहीं विधायक दीपक मंगला ने कहा कि सरकार प्रयास कर रही है।

राजस्थान से लगे बॉर्डर पर बढ़ाई सख्ती
नारनौल (हप्र) : पुलिस की सख्ती के चलते आज शहर में लोगों का बिना वजह आवागमन नहीं के बराबर रहा। बृहस्पतिवार सुबह से ही महेंद्रगढ़ पुलिस अधीक्षक सुलोचना जिले में लगाए राजस्थान बार्डर के नाकों पर ही रहकर पुलिस की मुस्तैदी का जायजा लेती रही। सबसे पहले वे नांगल चौधरी के गोठड़ी गांव के पास लगाया पुलिस नाके पर पहुंची जहां नाकों पर तैनात सभी पुलिस कर्मचारियों सतर्क मिले। इसके साथ-साथ नांगल चौधरी में बनाए गए शेल्टर होम का भी जायजा लिया। इसके बाद एसपी अटेली थाना क्षेत्र में राजस्थान से सटे गांव कांटी पहुंची जहां पुलिस द्वारा लगाए गए नाके को चैक किया गया तो नाकों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को बाहर व जिले के अंदर पूर्ण तय प्रवेश बंद रहने बारे सख्ताई बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने सतनाली क्षेत्र का दौरा किया। राजस्थान बार्डर पर लगे पुलिस के नाकों को चैक किया। इसके बाद आरपीएस कालेज सतनाली, महेन्द्रगढ़ में बने शैल्टर होम का निरीक्षण किया, वहां ठहराए गए लोगों से बात की ओर इनके इंतजाम का जायजा लिया। पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरत रही हैं। पहले पुलिस लोगों से घर में रहने की अपील की गई अब पुलिस उन लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर रही हैं जो बिना वजह घर से बाहर घूमते हैं इसका आज असर देखने को मिला है। लोग अब घरों में ही रह रहे है ओर जो बिना वजह घर से बाइक पर या गाड़ी में घूम रहे है उनको नाकों पर रोक कर चालान व इम्पाउंड किया जा रहा है।

The post लॉकडाउन का उल्लंघन, 20 गिरफ्तार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2weL4bC
via Latest News in Hindi

0 Comments