पलवल में 2 डॉक्टरों सहित 16 की रिपोर्ट नेगेटिव
देशपाल सौरोत/हप्र
पलवल, 10 अप्रैल
कोरोना को लेकर शुक्रवार को पलवल से अच्छी खबर आई है। बृहस्पतिवार को भेजे गए सभी 16 लोगों की सैंपल रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इनमें पलवल जिला नागरिक अस्पताल के 2 डाक्टरों सहित कुल 8 मेडिकल स्टाफ भी शामिल है। यह वह डाक्टर व नर्सिंग स्टाफ है जो पलवल में मिले कुल 28 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का उपचार कर रहे थे। वहीं जिले में सर्विलांस पर रखे जाने वालों की संख्या अभी भी लगातार बढ़ती जा रही है। इसके अलावा शुक्रवार को 10 नए और लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट आनी बाकी है।
जिला स्वास्थ्य विभाग की प्रवक्ता डॉ. सुषमा चौधरी ने बताया कि शुक्रवार तक सर्विलांस पर रखे जाने वाले लोगों की संख्या 717 पर पहुंंच गई है। इनमें से 99 ऐसे भारतीय हैं जो विदेश से आये थे जिनमें से काफी लोगों का क्वांरटीन पीरियड भी पूरा हो चुका है। जिले में अब तक 164 लोगों के सैंपल भेजे जा चुके है। इनमें से अभी तक 28 लोग ऐसे हैं जो कोरोना पॉजिटिव मिले हैं और इनमें से 1 ठीक होकर अपने घर वापस चला गया है और 27 लोग कोविड अस्पताल में रखे गए हैं जोकि पलवल जिले से बाहर हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पॉजिटिव लोगों के सम्पर्क में आने वाले लोगों को भी ट्रेस किया है, उन्हें भी क्वांरटइपन में रखा है उनकी गिनती 504 है।
उन्होंने कहा कि जिले के सीएमओ डॉ. ब्रह्मदीप सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग पूरी मुस्तैदी से लगा हुआ है। पलवल जिले ने ही सबसे पहले 1 अप्रैल से ही कंटेनमेंट प्लान बना लिया था और 3 तारीख से इस पर कार्य करते हुए इस प्लान के तहत घर-घर जाकर लगभग 59 हजार लोगों स्क्रीनिंग की गई है। जिलाधीश नरेश नरवाल ने जिला में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए मास्क पहनना अनिवार्य करने के आदेश जारी किए हैं। जिला में घर से बाहर निकलने पर तथा कार्यस्थल पर भी मॉस्क का प्रयोग करना अनिवार्य है।
2 दिन से कोरोना संक्रमित केस नहीं
नूंह/मेवात (निस) : जिला नूंह (मेवात) में कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते प्रकोप और मरीजों का आंकड़ा सर्वाधिक 38 आने से जिला प्रदेश में प्रथम श्रैणी में आ गया था, लेकिन 2 रोज से पीजीआई रोहतक में भेजे गये 386 सैम्पल की रिपोर्ट शुक्रवार शाम नेगेटिव आने से प्रशासन ने राहत की सांस ली हैं। पॉजिटिव 38 मामलों में 37 जमाती हैं। वहीं, फरीदाबाद व पलवल के पॉजिटिव रेफर मरीज कुल 71 में से 38 नूंह, 27 पलवल व 6 फरीदाबाद के मरीजों का यहां इलाज हो रहा हैं।
रेवाड़ी अभी तक सेफ, कोई मामला नहीं
रेवाड़ी (निस) : जिलाधीश यशेन्द्र सिंह ने कहा कि जिला में अभी तक कोई भी कोरोना का पॉजिटिव केस नहीं है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 77 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 45 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। बाकी 32 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है। जिलाभर में 1494 लोग होम क्वारंटाइन हैं। इनमें 70 विदेश और 1424 अन्य राज्यों से यात्रा कर लौटे हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक 112 व्यक्ति सफलतापूर्वक 28 दिन का क्वारंटाइन का समय पूरा कर चुके हैं। सभी मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। कोरोना के फैलाव को तत्काल रोकने के लिए बनाए गए सुरक्षा चक्र को और मजबूती देने के लिए कनटेनमेंट प्लान भी तैयार किया गया है। इसके लिए मेडिकल स्टॉफ को प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सा सुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाया जा रहा है। नागरिक अस्पताल में वेंटिलेटर स्थापित किए गए हैं। नागरिक अस्पताल व प्राईवेट अस्पतालों में 210 बैड की आईसोलेशन की सुविधा की गई है। जबकि नौ अलग-अलग स्थानों पर 621 बैड की क्वारंटाइन हेतु व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को आयोजित बैठक में एडीसी राहुल हुड्डा, एसडीएम कोसली कुशल कटारिया, एसडीएम रेवाड़ी रविंद्र यादव, एसडीएम बावल रविंद्र कुमार, सीटीएम संजीव कुमार, सीईओ जिला परिषद उदय सिंह, डीएसपी हंसराज, डिप्टी सीएमओ डा. विजय प्रकाश आदि मौजूद थे।
The post पलवल में 2 डॉक्टरों सहित 16 की रिपोर्ट नेगेटिव appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2y8TCkB
via Latest News in Hindi
0 Comments