सीएम फ्लाइंग के 15 जवान तैयार, रेड जोन में मोर्चा संभालेंगे ‘कोरोना कमांडो’
सीएम फ्लाइंग में तैनात 15 कमांडोज को विशेष ट्रेनिंग देकर कोरोना प्रभावित इलाकों में किन्हीं भी हालात से निपटने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, टीम के सदस्य एक गांव का निरीक्ष्ाण करते हुए।
दिनेश भारद्वाज/ट्रिन्यू
चंडीगढ़, 16 अप्रैल
हरियाणा में कोरोना वायरस से लड़ने के लिए अब ‘कोरोना कमांडो’ भी मैदान में आ गए हैं। हरियाणा पुलिस की सीआईडी विंग व सीएम फ्लाइंग में तैनात 15 जवानों को स्पेशल ट्रेनिंग के बाद कोरोना कमांडो के तौर पर तैयार किया गया है। ये कमांडो कोरोना संक्रमण में किसी भी बुरी से बुरी स्थिति से निपटने में माहिर हैं। इन्हें विशेष तौर पर रेड जोन में मोर्चा संभालने के लिए प्रशिक्षित किया गया है।
इतना ही नहीं, ये सभी कमांडो डॉक्टरों के साथ काम करने में दक्ष हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिटनेस चैलेंज ‘फिट इंडिया’ के दौरान सुर्खियों में रहे आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में तैयार की गई इस कमांडो टीम को कोरोना से लड़ने वाले आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। फिट-इंडिया मुहिम में प्रधानमंत्री मोदी ने नैन के फिटनेस वाले वीडियो को रि-ट्वीट किया था।
कोरोना कमांडो के लिए वाहन भी विशेष रूप से तैयार कराया गया है। यह टीम प्रदेश के किसी भी हिस्से में पहुंच कर वहां स्थिति को नियंत्रित करेगी। केवल 15 कमांडो से पूरे प्रदेश में काम चल पाना संभव नहीं है। ऐसे में सभी जिलों के एसपी और पुलिस आयुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां भी ऐसी टीम बनाएं। सीएम फ्लाइंग के इन कमांडो को अब पूरे प्रदेश में ‘मॉडल’ के रूप में प्रोजेक्ट किया जाएगा।
पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में ही कमांडो को मेडिकल ट्रेनिंग दी गई है। हरियाणा पुलिस का मुख्यालय भी इसी सेक्टर में है और स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा के महानिदेशक का दफ्तर भी सिविल अस्पताल कैम्पस में ही है। ऐसे में पुलिस मुख्यालय ने पंचकूला में ही जवानों को प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया। डॉक्टरों की टीम ने कोरोना कमांडो को ट्रेनिंग के दौरान कई अहम बिंदुओं से अवगत कराया। इससे पहले पंजाब में भी इसी तरह से पुलिस जवानों में से ही कोरोना कमांडो की टीम बनाई गई थी।
सभी उपकरणों से रहेंगे लैस
कोरोना कमांडोज को डिस-इंफेक्शन के उपकरण दिए गए हैं। उनके वाहन को भी ऐसे डिजाइन किया गया है कि वे पूरी तरह से सेनेटाइज हो जाएं। आपात स्थिति के लिए कमांडो अपने इसी वाहन में खाने-पीने का सामान भी ले जा सकेंगे। सभी 15 कमांडोज ने कोरोना पॉजिटिव मरीजों व उनके परिजनों को सेवाएं देने के लिए तौर-तरीके सीखे हैं। दरअसल, कई राज्यों में डॉक्टरों की टीम पर संदिग्ध मरीजों व उसके मोहल्ले के लोगों द्वारा मारपीट व पथराव जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कोरोना कमांडो टीम ऐसी स्थिति से निपटने के लिए ट्रेंड है। मंगलवार को इस टीम ने यमुनानगर के एक गांव का दौरा किया। इस गांव के लोगों को क्वारंटाइन किया हुआ है।
The post सीएम फ्लाइंग के 15 जवान तैयार, रेड जोन में मोर्चा संभालेंगे ‘कोरोना कमांडो’ appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2XTyQkb
via Latest News in Hindi
0 Comments