दलेर सिंह/हप्र
जींद, 9 अप्रैल
जिले में कोरोना संक्रमण की अभी तक कोई भी चेन नहीं बन पाई है। निडानी गांव के जिस युवक की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी, उसके सभी 14 परिजनों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इससे स्पष्ट है कि निडानी गांव में कोरोना का संक्रमण नहीं हो पाया। बृहस्पतिवार को कुल 8 सैंपल की रिपोर्ट आई, जो सभी नेगेटिव पाई गई हैं।
इसमें 2 रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव युवक के परिजनों की भी थी। जींद में अभी तक 47 मरीजों के सैंपल लिए गये हैं। जिनमें से एक पॉजिटिव व 35 नेगेटिव के साथ 36 की रिपोर्ट आ चुकी है, जबकि 11 सैंपल की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। सिविल अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में बृहस्पतिवार को 9 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें कोरोना पॉजिटिव युवक का और मरकज से आए जिप्पस कालोनी निवासी व्यक्ति का भी सैंपल शामिल हैं। जिले में कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए होम क्वारंटाइन किए गए लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बृहस्पतिवार को यह संख्या 3422 तक पहुंच गई है, जबकि 3501 लोग अभी सर्विलांस पर हैं।

The post पॉजिटिव युवक के 14 परिजन निकले नेगेटिव appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2RsrD6l
via Latest News in Hindi

0 Comments