14 राज्यों में 647 तबलीगी सदस्य कोरोना के मरीज
फाइल फोटो
टि्रन्यू/एजेंसी
नयी दिल्ली, 3 अप्रैल
तबलीगी जमात के कार्यकर्ताओं की हरकतों से कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जारी लॉकडाउन पर संकट के बादल मंडराने लगेे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 2 दिनों के दौरान 14 राज्यों में तबलीगी जमात से जुड़े 647 मरीज सामने आए हैं। अब तक देशभर में कोरोना के मरीजों की संख्या 2547 हो गयी है। देशभर में अब तक कोरोना से 62 मौतें हो चुकी हैं, जबकि 163 मरीज ठीक हो चुके हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमाचल की एक महिला की शुक्रवार को संक्रमण के चलते चंडीगढ़ के पीजीआई में मौत हो गयी।
मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि एक गलती की वजह से इतने मामले बढ़े। चिंतित केंद्र सरकार ने सभी राज्यों से मेडिकल कर्मियों की सुरक्षा इंतजाम कड़े करने को कहा है। जमात के कारण जिन 14 राज्यों में कोरोना संक्रमण में तेजी आई उनमें हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश भी शामिल हैं।
मरकज खाली कराने वाले 7 पुलिसकर्मी छुट्टी पर भेजे
निजामुद्दीन मरकज को खाली कराने गयी टीम का हिस्सा रहे 7 पुलिसकर्मियों को छुट्टी पर भेज दिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में लॉकडाउन लागू होने के बाद यह नियमित प्रक्रिया है, जिसके तहत बारी-बारी से अधिकारियों को छुट्टी पर भेजा जाता है। उन्होंने बताया कि निजामुद्दीन पुलिस थाने के 7 पुलिसकर्मियों को बृहस्पतिवार से 10 दिन के अवकाश पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि निजामुद्दीन से कुल 24 कर्मी फिलहाल अवकाश पर हैं।
मौलाना साद समेत 7 को नोटिस : दिल्ली पुलिस ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाली तबलीगी जमात के मौलाना मोहम्मद साद समेत सभी 7 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद उनसे मरकज से जुड़ी 26 जानकारियां मांगी हैं। साद अब भी फरार है। साद और अन्य आरोपियों को उनसे निजामुद्दीन स्थित मरकज में धार्मिक सभा आयोजित करने के लिए पुलिस या किसी अन्य महकमे से मांगी अनुमति की एक प्रति पेश करने को भी कहा है।
सेंसेक्स 674 अंक टूटा
मुंबई : कोरोना मामलों में लगातार बढ़ोतरी के बीच बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली से शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 674 अंक टूट गया। इस महामारी के आर्थिक प्रभाव को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे निवेशक घबराए हुए हैं। बीएसई का 30 शेयरों का सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान एक समय 27,500.79 अंक के निचले स्तर तक आया। अंत में यह 2.39 प्रतिशत के नुकसान से 27,590.95 अंक पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी भी 170 अंक या 2.06 प्रतिशत टूटकर 8,083.80 अंक पर आ गया। छुट्टियों वाले कम कारोबारी सत्र वाले सप्ताह में सेंसेक्स 2,224.64 अंक या 7.46 प्रतिशत टूटा है। वहीं निफ्टी में 576.45 अंक या 6.65 प्रतिशत की गिरावट आई है।
The post 14 राज्यों में 647 तबलीगी सदस्य कोरोना के मरीज appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3aHVZJQ
via Latest News in Hindi
0 Comments