चंडीगढ़ एक दिन में कोरोना के 11 केस
रंजू ऐरी डडवाल/ट्रिन्यू
चंडीगढ़ 28 अप्रैल
चंडीगढ़ पीजीआई परिसर में मंगलवार को भवन में प्रवेश करने वाले स्टाफ की थर्मल जांच करते सुरक्षा कर्मी। -प्रदीप तिवारी
चंडीगढ़ में मंगलवार को कोरोना के 11 नये संक्रमित मरीज सामने आ गये। चंडीगढ़ में अब तक पाये गए कुल कोरोना मरीज 56 हो चुके हैं। इनमें 39 एक्टिव मामले हैं।
पहली खबर मंगलवार सुबह ही मिल गई जिसमें सेक्टर 30 की 5 महिलाएं, एक पुरुष शामिल है। 53 वर्षीय महिला, 62 वर्षीय पुरुष, 27 वर्षीय महिला, 35 वर्षीय महिला, व 23 वर्षीय महिला सेक्टर 30 के निवासी हैं। ज्ञात रहे कि यह क्षेत्र पहले से ही प्रभावित क्षेत्र घोषित कर सील कर दिया गया है।
दोपहर बाद बापूधाम कॉलोनी में 5 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। मरीजों में 36 वर्षीय महिला, उसकी 3 बेटियां, जिनकी उम्र 18, 16 और 13 वर्ष है। इसके अलावा 10 साल का बेटा भी शामिल है। महिला के 5 बच्चों की कोरोना जांच कराई गई थी, जिसमें से 4 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बापूधाम के ही 47 वर्षीय एक अन्य महिला में भी कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। सभी को सेक्टर-16 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इससे पूर्व सोमवार को 9 और रविवार को 6 मरीज मिलने से शहर में हड़कंप मच गया था। मंगलवार को संख्या बढ़कर 56 हो गई। पिछले तीन दिनों में 26 कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग से लेकर प्रशासन के अधिकारियों की चिन्ता बढ़ गई है। कोरोना का वायरस अब शहर के प्रमुख अस्पतालों और फ्रंट लाइन वॉरियर्स तक पहुंच गया है।
सेक्टर 32 के जीएमसीएच के एक हेल्थ वर्कर के पार्टी के शौक ने शहर को परेशान कर दिया है। सलाहकार मनोज परिदा ने ट्विटर पर लोगों से अनुरोध किया कि उनके आस-पड़ोस में अगर कोई इस तरह पार्टी कर लोगों को जमा कर रहा हो तो 112 पर तुरन्त उसकी शिकायत करें।
कोविड के अचानक बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासक ने अधिकारियों को आदेश दिए कि वह संक्रमित लोगों के कांटेक्ट ट्रेसिंग का काम तेजी से करें और जो मिलें उन्हें तुरंत क्वारंटाइन करें।
मोहाली के 3 और मरीजों ने जीती जंग
मोहाली (निस) :मोहाली में कोरोना वायरस से पीडि़त 3 और मरीज़ मंगलवार को पूरी तरह से स्वस्थ हो गए। जिले में ठीक होने वाले मरीजो की कुल संख्या अब 30 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को ठीक हुए 3 मरीजों में गांव जवाहरपुर के मलकीत सिंह और अमनप्रीत कौर और मोहाली के सेक्टर 68 का अब्दुल अज़ीज़ शामिल हैं। मलकीत सिंह (43) गांव जवाहरपुर में इस बीमारी की चपेट में आने वाला पहला मरीज़ था। ठीक होने वाले बाकी 2 मरीज़ 17 वर्षीय अमनप्रीत और 28 वर्षीय अब्दुल हैं। अमनप्रीत कौर मलकीत सिंह की बेटी है। मलकीत सिंह का पीजीआई, चंडीगड़ में इलाज चल रहा था जबकि बाकी दोनों बनूड़ के नज़दीक ज्ञान सागर अस्पताल में दाख़िल थे। अकेले जवाहरपुर के साथ सम्बन्धित कुल 17 मरीज़ अब तक ठीक हो चुके हैं।
2 जमातियों की अस्पताल से छुट्टी
पंचकूला (ट्रिन्यू) : 2 जमातियों की मंगलवार को दूसरी बार कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल प्रशासन ने तालियां बजाकर की दोनों को विदाई दी। 2 जमातियों के स्वस्थ होने के बाद इन्हें भी स्वास्थ विभाग द्वारा होम क्वारंटीन में रहने की हिदायत दी गई है। पंचकूला में अब केवल 6 कोरोना पॉजिटिव मरीज बचे हैं। जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों के आइसोलेशन वार्ड में चल रहा है और उनकी हालत में भी सुधार बताया गया है।
एक दर्जन से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों के पॉजिटिव पाये जाने से प्रशासन चिंतित
चंडीगढ़ के दो प्रमुख अस्पतालों, पीजीआई व जीएमसीएच-32 में एक दर्जन से अधिक हेल्थकेयर वर्कर्स को कोरोना संक्रमित पाये जाने से प्रशासन व अस्पताल प्रशासन की चिन्तायें बढ़ गई हैं। इनमें से 9 अर्थात 75 प्रतिशत ऐसे वर्कर हैं जो कोविड रोगियों की न तो देखभाल कर रहे हैं व न ही उनके वार्डों, अस्पतालों और क्वारंटाइन केंद्रों में तैनात हैं। जीएमसीएच-32 में अब तक एनेस्थीसिया विभाग के 3 डॉक्टरों ने आपातकालीन ओटी में काम किया और एक 28 वर्षीय कर्मचारी हाउसकीपिंग विभाग में था। 26 वर्षीय पीजीआईएमईआर की नर्स आपातकालीन आपरेशन थियेटर में काम कर रही थी। जीएमसीएच-32 के निदेशक प्रिंसिपल बीएस चव्हाण ने स्पष्ट किया कि अब आपातकालीन स्थिति में काम कर रहे हर स्वास्थ्य कर्मचारी को पीपीई किट मिलेगी।’ प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने भी ट्वीट किया कि आज प्रशासक ने कहा पीजीआईएमईआर, जीएमसीएच -32, गवर्नमेंट मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल -16 के प्रमुखों और स्वास्थ्य सचिव के साथ चिकित्सा परिसरों के भीतर सुरक्षा प्रोटोकॉल पर चर्चा करने के लिए एक बैठक आयोजित की। बैठक में सभी को कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
The post चंडीगढ़ एक दिन में कोरोना के 11 केस appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3aNQzw7
via Latest News in Hindi
0 Comments