मनोज तिवारी की विदाई तय, नया प्रदेश अध्यक्ष जल्द
हरीश लखेड़ा/ट्रिन्यू
नयी दिल्ली 18 मार्च
दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी की विदाई तय हो जाने के बाद पार्टी हाईकमान ने नये अध्यक्ष की तलाश शुरू कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव और पार्टी की महिला मोर्चा अध्यक्ष विजया राहतकर ने प्रदेश पदाधिकारियों से बात कर नये अध्यक्ष को लेकर उनकी राय ली। माना जा रहा है कि प्रदेश भाजपा को शीघ्र ही नया अध्यक्ष मिल सकता है। भाजपा ऐसे चेहरे की तलाश में है जो दिल्ली के तीनों नगर निगमों के आगामी चुनाव में पार्टी की नैया पार लगा सके। दिल्ली के विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद से ही तिवारी की विदाई तय मानी जा रही थी। अब भाजपा हाईकमान ने नये अध्यक्ष को लेकर कयावद शुरू कर दी है। इसी के तहत मुरलीधर राव और विजया राहतकर ने मंगलवार को प्रदेश के सभी सांसदों और संगठन के पदाधिकारियों से एक-एक कर के बात की और उनके मन को टटोला। ये दोनों नेता दिल्ली में संगठन के लिए प्रभारी बनाए गए हैं। खास बात यह है कि जिन नेताओं से उनकी राय मांगी गई, उनमें से अधिकतर खुद ही प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार हैं। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के कारण महाराष्ट्र और हरियाणा की तरह संगठन के चुनाव देर से हुए हैं।
बहरहाल, दिल्ली में विधानसभा चुनाव हार जाने के बाद भाजपा की नजर दो साल बाद होने जा रहे प्रदेश के तीनों नगर निगमों के चुनाव पर भी है। इसलिए पार्टी हाईकमान ऐसे नेता को कमान देने की सोच रहा है, जो कि कम से कम तीनों निगमों में पार्टी की नैय्या पार लगा सके। हालांकि भाजपा लगातार 3 बार से तीनों निगमों में सत्तारूढ़ हैं
और अब चौथी बार सत्ता में लौटना कठिन डगर है। भाजपा दिल्ली में पहले सतीश उपाध्याय और फिर भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी को प्रदेश की कमान देकर पूर्वांचल का कार्ड खेल चुकी है। हालांकि उसका यह कार्ड सफल नहीं रहा। माना जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की पसंद दिल्ली की छात्र राजनीति से पार्टी में आए नेता भी हो सकते हैं। अभी तो प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल व विजेंद्र गुप्ता से लेकर सांसद प्रवेश वर्मा व कपिल मिश्रा से लेकर दर्जनभर नेता कोशिश में जुटे हैं।
The post मनोज तिवारी की विदाई तय, नया प्रदेश अध्यक्ष जल्द appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2U1VUKV
via Latest News in Hindi
0 Comments