हिमाचल विधानसभा आज एक घंटे में पास करेगी बजट
शिमला, 22 मार्च (निस)
कोरोना महामारी के खौफ का असर हिमाचल प्रदेश के विधानसभा पर भी पड़ गया है। कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए हिमाचल प्रदेश का बजट सत्र कल सोमवार को ही निर्धारित समय से सात दिन पहले खत्म हो जाएगा। प्रदेश सरकार ने कल 23 मार्च को सुबह 11 से 12 बजे के बीच विधानसभा का एक घंटे का सत्र चलाने का फैसला लिया है। इस दौरान प्रदेश में वर्ष 2020-21 का आम बजट पारित किया जाएगा और इसके बाद विधानसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाएगा।
विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनसे इस मुद्दे पर फोन पर बातचीत की और इसके बाद कल एक घंटे का सत्र आयोजित करने पर सहमति बनी ताकि प्रदेश का अगले वर्ष का बजट पारित किया जा सके। प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र पहली अप्रैल तक चलना था और इसमें एक दिन की बढ़ोतरी भी होनी थी क्योंकि सत्र में होली के एक दिन बाद अतिरिक्त अवकाश घोषित किया गया था। लेकिन अब कोरोना के खौफ के चलते सत्र सात दिन पहले ही खत्म हो रहा है। ऐसे में मौजूदा बजट सत्र के लिए निर्धारित 22 में से केवल 14 ही बैठकें होंगी।
बजट सत्र में कटौती के चलते इस साल विभिन्न विभागों से संबंधित विपक्ष के कटौती प्रस्तावों पर चर्चा नहीं होगी। इसी तरह कई अन्य विधायी कार्य भी अब विधानसभा के मॉनसून सत्र के दौरान ही हो पाएंगे। विधानसभा बजट सत्र की कल होने वाली अंतिम बैठक के दिन केवल विधायकों, मंत्रियों, अधिकारियों और मीडिया को ही परिसर के भीतर जाने की अनुमति होगी तथा कल कोई भी आगंतुक या दर्शक विधानसभा में नहीं आ पाएगा।
The post हिमाचल विधानसभा आज एक घंटे में पास करेगी बजट appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/33CLvbX
via Latest News in Hindi
0 Comments