उचाना आईटीआई में खुलेगा होंडा ट्रेनिंग सेंटर
चंडीगढ़, 20 मार्च (ट्रिन्यू)
उचाना कलां के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दुपहिया वाहनों वाली होंडा कंपनी खुद की वर्कशॉप स्थापित करेगी। इस वर्कशॉप में अलग-अलग ट्रेड के विद्यार्थियों को कंपनी की जरूरत के हिसाब से ट्रेंड किया जाएगा।
प्रदेश में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पास ही है। इसी वजह से दुष्यंत सीएसआर यानी कार्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी योजना के तहत होंडा को मनाने में कामयाब रहे हैं। होंडा कंपनी की ओर से इसके लिए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के साथ एमओयू साइन किया जाएगा। होंडा कंपनी के एक्सपर्ट आईटीआई कैम्प में बनाई जाने वाली वर्कशॉप में युवाओं को होंडा के दुपहिया वाहनों की मरम्मत, इंस्टालेशन के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स के बारे में ट्रेंड करेंगे।
कोर्स पूरा होने के बाद इन प्रशिक्षित युवाओं की होंडा कंपनी में ही प्लेसमेंट हो सकेगी। इतना ही नहीं, होंडा की एजेंसियों व सर्विस सेंटर में भी आईटीआई के ट्रेंड युवाओं को आसानी से रोजगार मिल सकेगा। यहां बता दें कि राज्य सरकार द्वारा आईटीआई के अलावा पॉलिटेक्निक व इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी ट्रेंड करने व बेहतर प्लेसमेंट के लिए कई कंपनियों के साथ एमओयू किया हुआ है। मारुति सुजूकी द्वारा पिछले दिनों ही मानेसर पोलिटेक्निक के साथ इस संदर्भ में एमओयू किया गया है। प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री अनिल विज की मौजूदगी में विभाग के महानिदेशक अजीत बालाजी जोशी व मारुति कंपनी के अधिकारियों ने एमओयू पर साइन किए।
The post उचाना आईटीआई में खुलेगा होंडा ट्रेनिंग सेंटर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2vAgubU
via Latest News in Hindi
0 Comments