लखनऊ में बुधवार को अपनी सरकार के तीन साल पूरे होने पर संवाददाता सम्मेलन में सहयोगियों संग बुकलेट जारी करते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। – प्रेट्र

लखनऊ, 18 मार्च (एजेंसी)
उत्तर प्रदेश में लगातार तीन साल तक भाजपा का पहला मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाने वाले योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार ने राज्य के बारे में लोगों की धारणा बदलने में सफलता पाई है और इसे विकास, विश्वास और सुशासन की ओर ले गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज हो इसके बारे स्पष्ट संदेश देने के लिए जो कार्य शुरू किये गए थे, उसके परिणाम भी आने लगे हैं। पिछले तीन वर्ष के दौरान प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कानून के राज के कारण ही डकैती के मामलों में साठ फीसद की कमी आई है। लूट के मामलों में 47 फीसद की कमी, हत्या के मामलों में 21 फीसद की कमी, बलवा के मामले 27 फीसद कम हुए और दुष्कर्म के मामले 18 फीसद कम हुए हैं।
उप्र सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘पिछले तीन वर्षों में भाजपा सरकार ने लोगों की धारणा बदली है, हम राज्य को प्रगति की ओर ले गये हैं।
प्रियंका बोलीं- रिपोर्ट कार्ड झूठा
नयी दिल्ली : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार झूठा रिपोर्ट कार्ड जारी कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं पर उप्र सरकार कब जागेगी? उत्तर प्रदेश की कांग्रेस प्रभारी प्रियंका ने राज्य के लखीमपुर जिले की एक घटना का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार अपना रिपोर्ट कार्ड जारी कर रही है। झूठ से भरे इस रिपोर्ट कार्ड में महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए हैं लेकिन उन्नाव की भयावह घटना के बाद आज लखीमपुर की घटना ने महिला सुरक्षा के दावे की पोल खोल दी।’

The post लोगों की धारणा बदली, राज्य का विकास किया appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3db3rP4
via Latest News in Hindi

0 Comments