कृषि विपणन बोर्ड के 32 कर्मचारियों पर कार्रवाई
चंडीगढ़, 18 मार्च (ट्रिन्यू)
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा राज्य के लोगों की शिकायतों का जल्द निपटारा करने के लिए शुरू की गई सीएम-विंडो प्रणाली पर सरकारी राशि के गबन के मामले में प्राप्त हुई एक शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कुछ कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के 32 विभिन्न कर्मचारियों की 3 से 5 वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक, राशि की वसूली, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में 5 प्रतिशत की कटौती की गई है। मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डा. राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित सीएम-विंडो की एक बैठक में यह जानकारी दी गई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं पिछडा कल्याण विभाग, सेकेंडरी शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, उच्चतर शिक्षा, सिंचाई एवं जल संसाधन, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, आबकारी एवं कराधान, शहरी स्थानीय निकाय, कृषि एवं किसान कल्याण और विकास एवं पंचायत विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में बताया गया कि सीएम-विंडो पर प्राप्त शिकायत में कहा गया कि कर्मचारियों का ईपीएफ, ईएसआई और सर्विस टैक्स का एक करोड 42 लाख रुपए का गबन हरीश कुमार पुत्र बलवान सिंह पार्टनर मैसर्ज फ्रैंड्स सिक्योरिटी सर्विस के साथ मिलकर एक सोची-समझी साजिश के तहत हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों ने किया है। इस पर चैकसी विभाग द्वारा जांच की गई और उसके बाद बोर्ड ने मैसर्ज फ्रैंड्स सिक्योरिटी सर्विस के मामले में आऊटसोर्स मैनपावर के संबंध में वैधानिक कटौती के धोखाधड़ी में 39 कर्मचारियों को चार्जशीट किया।
इस बीच, बोर्ड के सक्षम अधिकारी अर्थात मुख्य प्रशासक ने विभिन्न सेवा नियमों के तहत चार्जशीट और की गई जांच के अनुसार बोर्ड के 32 कर्मचारियों के विरुद्ध अपना अंतिम निर्णय दे दिया जिसके तहत प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका के अनुरूप उन्हें सजा दी गई।
बैठक में बताया गया कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक ने सेवानिवृत्त अधीक्षक जयपाल को चेतावनी दी जबकि एसएमसी संदीप गर्ग और मनोज दहिया की 3-3 वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक, लेखाकार विकास गुप्ता की 5 वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक, तत्कालीन लेखाकार विकास ढिल्लों की 3 वार्षिक वेतन वृद्धि रोकी गई है।
The post कृषि विपणन बोर्ड के 32 कर्मचारियों पर कार्रवाई appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/391q8SH
via Latest News in Hindi
0 Comments