फरीदाबाद में मिला पहला पॉजिटिव मरीज
फरीदाबाद, 20 मार्च (हप्र)
फरीदाबाद में शुक्रवार को कोरोना वायरस के एक पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई। डीसी यशपाल यादव ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित महिला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
महिला की दिल्ली एनसीडीसी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, लेकिन अभी पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ यूरोलॉजी की रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने कहा कि महिला के परिजनों के अलावा उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान करके उन्हें अलग-अलग करके निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने डब्ल्यूएचओ को इसकी जानकारी दे दी है और टीम यहां आकर अपने स्तर पर जांच करेगी। कोरोना पॉजिटिव पाई गई महिला एक सप्ताह पहले स्पेन से लौटी है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद के ऐसे सभी लोगों को अंडर वॉच रखा हुआ है, जो विदेश से आए हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।
गुरुग्राम में पीड़ित युवती का भाई भी मिला प्रभावित
गुरुग्राम (हप्र): गुरुग्राम में कोरोना पीड़ित युवती का 17 वर्षीय भाई भी वायरस पाॅजिटिव पाया गया है। टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद उसे पीड़ित घोषित किया गया है। इसके साथ ही गुरुग्राम में कोरोना प्रभावितों की संख्या 5 हो गई है।
The post फरीदाबाद में मिला पहला पॉजिटिव मरीज appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/39595ir
via Latest News in Hindi
0 Comments