चंडीगढ़, 20 मार्च (ट्रिन्यू)
हरियाणा सरकार ने 22 मार्च रविवार को रोडवेज की सभी बसों को डिपो में ही रखने का फैसला लिया है। यानी इस दिन रोडवेज की एक भी बस सड़क पर नजर नहीं आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसी दिन जनता कर्फ्यू का आह्वान किया गया है। इसे देखते हुए सरकार ने रोडवेज बसों को पूरी तरह से बंद करने का निर्णय लिया है। इतना ही नहीं, अगले कुछ दिनों में परिवहन सेवा में काफी कटौती करने की भी योजना है।
परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि जनता कर्फ्यू को देखते हुए सभी डिपो महाप्रबंधकों को 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात को 9 बजे तक परिवहन की सभी बसों का संचालन बंद करने के आदेश दिए हैं। साथ ही, सवारियों की उपलब्धता व आय को देखते हुए सभी डिपो महाप्रबंधकों को कहा गया है कि वे बसों में भी कटौती करें। शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए हर स्तर पर कार्य कर रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि रविवार को विभाग के सभी अधिकारी व कर्मचारी उपरोक्त समय के अनुसार अपने घरों में ही रहेंगे। परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए कि इस महामारी के दृष्टिगत कार्यालयों, बस अड्डों व कर्मशालाओं की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। समय-समय पर इनको सेनेटाइज किया जाए।
सभी शताब्दियों समेत 54 ट्रेन 31 मार्च तक रद्द
अम्बाला/पिंजौर (निस): कोरोना वायरस की वजह से उत्तर रेलवे ने अंबाला मंडल से गुजरने वाली 54 ट्रेन को 31 मार्च तक के लिए रद्द कर दिया है। इनमें प्रमुख रूप से रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, न्यू दिल्ली कालका-शताब्दी एक्सप्रेस, न्यू दिल्ली-अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस, न्यू दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस, न्यू दिल्ली-अमृतसर एक्सप्रेस, न्यू दिल्ली-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, हरिद्वार-अमृतसर जन शताब्दी एक्सप्रेस, न्यू दिल्ली-ऊना हिमाचल जन शताब्दी एक्सप्रेस, हरिद्वार-उना हिमाचल जन शताब्दी एक्सप्रेस, चंड़ीगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस, चंडीगढ़-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस आदि शामिल हैं।  वहीं शनिवार से अगले आदेश तक कालका-शिमला रेल सेक्शन पर सभी टॉय ट्रेनें भी रद्द करने के आदेश जारी किए हैं।

The post रविवार को प्रदेश में पूरी तरह थमे रहेंगे रोडवेज बसों के पहिए appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2xRVCxC
via Latest News in Hindi

0 Comments