चंडीगढ़, 20 मार्च (ट्रिन्यू)
कोराना वायरस की गंभीरता के चलते हरियाणा सरकार के अधिकांश मंत्रियों, सांसदों व विधायकों ने आम लोगों व वर्करों से दूरी बना ली है। इतना ही नहीं, हलके के लोगों व वर्करों को कह दिया गया है कि वे अब किसी काम के लिए मंत्रियों व विधायकों के घर न आएं। अगर बहुत जरूरी है तो फोन पर ही काम बता दें या फिर मैसेज कर दें। साथ ही, लोगों को घर पर ही रहने की सलाह भी मंत्री दे रहे हैं।
अधिकांश मंत्रियों व विधायकों द्वारा अपने हलके के लोगों से आह्वान किया जा रहा है कि वे जितना हो सके घर में ही रहें। बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें। भीड़भाड़ वाले इलाकों में न जाएं। गृह मंत्री अनिल विज हर शनिवार व रविवार को अपने अम्बाला कैंट स्थित आवास पर ‘जनता दरबार’ लगाया करते थे। पहले इसे एक बार के लिए स्थगित किया गया लेकिन अब विज ने जनता दरबार को आगामी आदेश तक रद्द कर दिया है।
प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने अपने सिक्योरिटी गार्ड हटा दिए हैं। उन्होंने चार सुरक्षा जवानों को खुद से दूर करते हुए उन्हें वापस पुलिस में भेज दिया है ताकि जरूरत पड़ने पर वे लोगों की सेवा के लिए आगे आ सकें। इतना ही नहीं, उन्होंने हलके के लोगों को भी कह दिया है कि कोई काम है तो फोन पर बताएं। दूसरे मंत्री भी इसी तरह से काम कर रहे हैं। वर्क फ्रोम हॉम का कल्चर मंत्रियों ने भी स्वीकार कर लिया है। बिजली मंत्री चौ़ रणजीत सिंह ने भीड़ वाले सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। नांगल-चौधरी से भाजपा विधायक डॉ़ अभय सिंह यादव ने सोशल मीडिया के जरिये अपने सभी समर्थकों व इलाके के लोगों से कहा है कि उनसे मुलाकात करने के लिए उनके घर आने की जरूरत नहीं है। वे फोन पर उपलब्ध हैं। जब भी लोग चाहें फोन पर अपनी समस्या रख सकते हैं। उन्हें मोबाइल फोन पर मैसेज भी किया जा सकता है। हरियाणा में पिछले एक सप्ताह से कोरोना के संदिग्धों और पॉजिटिव रोगियों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए मंत्रियों-विधायकों ने यह फैसला लिया है।
सचिवालय में पसरा सन्नाटा
कोरोना का कहर शुक्रवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में भी साफ देखने को मिला। सचिवालय में प्रदेशभर से कर्मचारी, अधिकारी तथा आम लोग अपने-अपने काम के लिए आते थे, लेकिन कोरोना के चलते सचिवालय में आने वाले लोगों की संख्या काफी कम हो गई है। सचिवालय के सभी प्रवेश द्वार पर हैंड वॉश व स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद पिछले तीन दिनों से केवल वही लोग यहां आ रहे हैं, जिन्हें बेहद जरूरी काम है। मंत्रियों व अधिकारियों से मुलाकात के लिए आने वाले सामान्य लोगों की संख्या में काफी कमी आई है।
कांग्रेस ने रद्द किए अपने कार्यक्रम
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं सांसद कुमारी सैलजा ने कोरोना महामारी के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए पार्टी के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। कांग्रेस कोषाध्यक्ष रोहित जैन ने शुक्रवार को यहां कहा कि प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने 31 मार्च तक प्रदेश कांग्रेस द्वारा किसी प्रकार की जनसभा, रैली, बैठक अथवा अन्य कार्यक्रम न करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि पहले से निर्धारित कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं। रोहित जैन ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की घोषणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा द्वारा 31 मार्च के बाद की जाएगी। कुमारी सैलजा ने राज्य के लोगों से अपील की है कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और अपने आपको कोरोना वायरस से बचाने के लिए उचित व्यवस्था करें। भीड़ वाली जगहों पर जाने से परहेज करें।

The post मंत्रियों-विधायकों ने जनता से बनाई दूरी, अब फोन ही सुनेंगे appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2xg5eSs
via Latest News in Hindi

0 Comments