मेडिकल सर्टिफिकेट दिये बगैर छुट्टी
नयी दिल्ली, 20 मार्च (एजेंसी)
केंद्र सरकार के 50 साल से अधिक उम्र के कर्मचारी मेडिकल सर्टिफिकेट दिये बगैर छुट्टी पर जा सकते हैं। इससे कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर अस्पतालों पर अनावश्यक बोझ पड़ने को टाला जा सकेगा। कार्मिक मंत्रालय ने शुक्रवार को एक आदेश में यह कहा। आदेश में केंद्र सरकार के विभागों को भी निर्देश दिया है कि वे ऐसे कर्मचारियों की छुट्टी मंजूर करें, जो एहतियातन स्व- पृथक रहना चाहते हैं। आदेश में कहा गया है-यह फैसला किया गया है कि 50 साल से अधिक उम्र के कर्मचारियों जो मधुमेह, सांस लेने में समस्या और किडनी की बीमारियों तथा अन्य घातक रोगों से ग्रसित हैं, उन्हें बगैर मेडिकल सर्टिफिकेट के 4 अप्रैल तक छुट्टी पर जाने की इजाजत दी जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़े।
बीएसएफ कर्मियों की आवाजाही पर प्रतिबंध : सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने कोरोनो वायरस प्रकोप के मद्देनजर अपने सभी कर्मियों और अधिकारियों की ड्यूटी के सिलसिले में आवाजाही पर अगले पखवाड़े तक रोक लगा दी है। बल ने कहा कि इन निर्देशों का उल्लंघन कर यात्रा करने वालों और इसकी अनुमति देने वाले कमांडरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों ने कहा कि बीएसएफ में घातक कोरोना वायरस फैलने से रोकने के लिये ये निर्देश दिये गए हैं। इस संबंध में जारी आदेश में कहा गया है, ‘यह स्पष्ट किया जाता है कि कोई भी बीएसएफ कर्मी 5 अप्रैल तक छुट्टी मनाने, प्रशिक्षण, पाठ्यक्रम और अस्थायी कामकाज के सिलसिले में आवाजाही नहीं करेगा।
‘शॉर्ट सेलिंग’ पर लगेगी रोक : बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने बाजार में जारी भारी उथल-पुथल पर लगाम लगाने तथा व्यवस्थित व्यापार एवं निपटान सुनिश्चित करने के लिये शुक्रवार को नये उपाय पेश किये। इन उपायों में वायदा एवं विकल्प खंड में शेयर सौदों की खुली उपलब्ध सीमा में बदलाव भी शामिल है। इसके अलावा कीमतों में मांग के हिसाब से उतार-चढ़ाव की व्यवस्था को लचीला बनाने के भी उपाय किये गये हैं। सेबी ने एक बयान में कहा कि ये उपाय 23 मार्च से लागू होंगे तथा एक महीने तक अमल में रहेंगे। इन कदमों से बाजार में शॉर्ट सेलिंग पर लगाम लगेगी तथा व्यक्तिगत शेयरों में उतार-चढ़ाव भी कम होगा। जब निवेशक लाभ कमाने के लिये किसी शेयर को पहले ऊंचे भाव पर बेचकर और फिर गिरे भाव पर उसकी खरीदारी करते हैं, तो इसे शॉर्ट सेलिंग कहा जाता है।
ओला-उबर ने बंद की ‘शेयर’, ‘पूल’ सेवाएं : कोरोना वायरस संकट के बीच टैक्सी सेवायें उपलब्ध कराने वाली कंपनी ओला और उबर ने अपनी साझा यात्रा सेवाओं क्रमश: ‘ओला शेयर’ और ‘उबर पूल’ को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। दोनों कंपनी की इन साझा यात्रा सेवाओं का उपयोग कर एक ही रास्ते पर सफर करने वाले कई यात्री एकसाथ यात्रा कर सकते हैं।
The post मेडिकल सर्टिफिकेट दिये बगैर छुट्टी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2QtN6vl
via Latest News in Hindi
0 Comments