पंचकूला में शुक्रवार को हरियाणा पुलिस मुख्यालय में पीओ और बेल जम्पर को पकड़ने के लिए रणनीति बनाते 6 राज्यों के पुलिस अधिकारी।

चंडीगढ़, 20 मार्च (ट्रिन्यू)
उद्घोषित अपराधियों (पीओ), बेल जम्पर्स व पैरोल जम्पर्स को दबोचने के लिए उत्तरी भारत के 6 राज्यों की पुलिस ने मिलकर काम करने का फैसला लिया है।
हरियाणा की पहल पर उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, नई दिल्ली, राजस्थान व पंजाब पुलिस एक प्लेटफार्म पर काम करने काे राजी हैं। केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ पुलिस भी इसमें भागीदार बनेगी। शुक्रवार को संयुक्त रणनीति बनाने के लिए हरियाणा पुलिस मुख्यालय में बैठक हुई। डीजीपी मनोज कुमार यादव द्वारा बुलाई गई इस बैठक में पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता, यूटी चंडीगढ़ के डीजीपी संजय बेनीवाल, हरियाणा के डीजीपी (क्राइम) पीके अग्रवाल, एडीजीपी (प्रशासन एंड आईटी) एएस चावला, डीआईजी (लॉ एंड ऑर्डर) राकेश कुमार आर्य और कई अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
पीओ, बेल जंपर्स व पैरोल जंपर्स की बढ़ती संख्या पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर भारत के पुलिस बलों के बीच आवश्यक तालमेल के लिए हुई बैठक में हिमाचल प्रदेश के डीजीपी सीताराम मरडी, राजस्थान के एडीजीपी बीएल सोनी तथा दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी प्रवीर रंजन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बैठक में भाग लिया।
बैठक में मनोज यादव ने कहा कि इनमें से कई अपराधी गिरफ्तारी से बचने के इरादे से पड़ोसी राज्यों को छिपने के लिए उपयोग करते हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि पीओ, बेल जंपर्स व पैरोल जंपर्स को पकड़ने के लिए उत्तरी राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए एक-दूसरे के साथ समयबद्ध तरीके से इनकी जानकारी साझा करेगी। यादव ने सुझाव दिया कि ऐसे अपराधियों से संबंधित सूचनाओं को नए पोर्टल बनाकर उन पर डालने की बजाय पुलिस बलों की मौजूदा आईटी प्रणाली से ही जोड़ा जाए। विचार-विमर्श के दौरान, पुलिस अधिकारियों द्वारा उत्तरी राज्यों में एक महीने का विशेष अभियान चलाकर पीओ, बेल जंपर्स व पैरोल जंपर्स पर शिकंजा कसने का भी निर्णय लिया गया।
अंतरराज्यीय नाकों को किया जाएगा मजबूत
बैठक में पीओ और बेल जम्पर्स की गतिविधियों बारे महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए यह निर्णय लिया गया कि अंतरराज्यीय नाकों को मजबूत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, संचार और सूचना साझाकरण की प्रणाली में भी सुधार किया जाएगा। इस दौरान पुलिस मुख्यालयों से पीओ और बेल जम्पर्स की उचित निगरानी के लिए अलग से एक विंग स्थापित करने का भी सुझाव दिया गया।

The post अब पीओ और बेल जम्पर को मिलकर दबोचेंगे 6 राज्य appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2x9w26Z
via Latest News in Hindi

0 Comments