पठानकोट, 31 मार्च (निस)
कोरोना वायरस एवं लाॅकडाउन के डर से लोग अपने घरों को जा रहे हैं। जिसके चलते दिल्ली, पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों से पठानकोट के रास्ते जम्मू-कश्मीर जाने वाले लोगों का जमावड़ा माधोपुर में बढ़ता जा रहा है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा लॉकडाउन के चलते आवाजाही पर पूर्ण तौर से रोक लगा दी है। इसका सबसे अधिक असर दूसरे राज्यों से जम्मू-कश्मीर लौट रहे लोगों पर पड़ा है। कई लोग पिछले 3-3 दिन से माधोपुर में बिना छत पड़े सरकार को कोस रहे हैं, हालांकि पंजाब पुलिस और समाजसेवी संस्थाएं लोगों को 3 वक्त की रोटी मुहैया करवा रही है। माधोपुर में फंसे कश्मीरी लोगों ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर प्रशासन व सरकार के खिलाफ रोष जताया और पंजाब पुलिस जिंदाबाद के नारे भी लगाए। पुंछ के बशीर अहमद सहित कई बुजुर्ग आज पठानकोट में पुलिस अधिकारियों से मिले। उन्होंने कहा कि वह भूख बर्दाश्त कर सकते हैं। अपने गांव तक पैदल जा सकते हैं परन्तु गर्मी बर्दाश्त नहीं हो रही। माधोपुर नाके पर सैकड़ों लोगों के इकट्ठा होने पर प्रशासन ने उन्हें वापस जाने के लिए कहा तो लोग भड़क गए। लोगों ने कहा कि वह 8 दिन में दिल्ली से पठानकोट तक आए हैं, अब वापस कहां जाएंगे। हालांकि प्रशासन ने प्रवासियों के ठहरने के लिए पैलेसों, एसीपी रिजोर्ट, कैशव हाल, ईसरो रिजोर्ट सुजानपुर को शेल्टर होम का रूप दिया है। डीसी पठानकोट स.गुरप्रीत सिंह खेहरा ने बताया कि प्रवासी लोगों के लिए इंतजाम कर दिया गया है, फिलहाल 600 के करीब लोग वहां पहुंच चुके हैं। जहां उनकी मेडिकल जांच, खानपान समेत अन्य जरूरतों के लिए अधिकारियों की टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि जब तक कर्फ्यू नहीं हटाया जाता, तब तक सभी प्रवासी मजदूर जिला पठानकोट में ही रहेंगे।

The post मुसीबत में फंसे कश्मीरियों ने अपनी सरकार को कोसा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2UPKtW1
via Latest News in Hindi

0 Comments