थर्मल गन जांच के बाद ही मिलेगा अब संसद में प्रवेश
हरीश लखेड़ा/ट्रिन्यू
नयी दिल्ली 17 मार्च
कोरोना वायरस की आशंका के मद्देनजर अब संसद भवन परिसर में थर्मल गन (थर्मोमीटर गन) से जांच कराने के बाद ही प्रवेश मिल पाएगा। दिल्ली के हवाई हड्डे के बाद अब मंगलवार से संसद भवन परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर थर्मल गन से लैस सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। हालांकि ‘माननीय’ सांसदों को बिना थर्मल गन जांच के ही प्रवेश दिया जा रहा है। संसद की सुरक्षा सेवा के जवानों के साथ ही प्रत्येक गेट पर डॉक्टर और नर्सों की टीम भी तैनात है। थर्मल गन की जांच में विफल पाए जाने पर उस व्यक्ति के रक्त की जांच की जाएगी और कोरोना की आशंका होने पर अस्पताल भेजने का भी इंतजाम किया गया है। संसद भवन परिसर के मुख्य स्वागत कक्ष समेत प्रमुख द्वारों के भीतरी हिस्से में वैसे तो सोमवार से ही थर्मल गन का इस्तेमाल शुरू कर दिया गया ता, लेकिन अब मंगलवार से संसद भवन परिसर के सभी द्वारों के बाहर थर्मल गन जांच शुरू हो गई है। खास बात यह है कि यह आदेश सांसदों व बड़े अफसरों पर अमल नहीं हो रहा है। मंत्रियों व सासंदों के लिए थर्मल गन की जांच उनकी इच्छा पर छोड़ दिया गया है।
कोरोना के खतरों को देखते हुए संसद के बजट सत्र में दर्शकों के प्रवेश पर पहले ही पाबंदी लगा दी गई है, सिर्फ प्रेस गैलरी में पाबंदी नहीं है। दरअसल, सत्र के दौरान संसद भवन परिसर में लगभग रोजाना लगभग 4 से 5 हजार लोग मौजूद रहते हैं। लोकसभा व राज्यसभा के सदनों के साथ ही सेंट्रल हॉल व कैंटीनों में आमतौर पर ज्यादा लोग रहते हैं। इसी तरह दर्शक गैलरी और प्रेस गैलरी में भी भीड़ रहती है। इसलिए कई सांसद लगातार मांग कर रहे हैं कि बजट सत्र को समय से पहले समाप्त कर लिया जाए। बजट सत्र की अवधि 3 अप्रैल तक है, वैसे भी इस सत्र में बजट पारित कराने के अलावा अब सरकार के पास ज्यादा काम भी नहीं बचा है, लेकिन सरकार की दुविधा में है। उसे आशंका है कि सत्र को तय समय से पहले समाप्त कर लेेने से लोगों में गलत संदेश चला जाएगा और इससे दहशत फैलेगी। हालांकि दिल्ली में स्कूल, कॉलेज, सिनेमाघरों आदि को पहले ही 31 मार्च तक के लिए बंद किया जा चुका है।
The post थर्मल गन जांच के बाद ही मिलेगा अब संसद में प्रवेश appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/38W4KOM
via Latest News in Hindi
0 Comments