मदन गुप्ता सपाटू
चैत्र नवरात्र 25 मार्च से शुरू हो रहे हैं। इस बार इनमें किसी भी तिथि का क्षय नहीं है, यानी नवरात्र पूरे 9 दिन होंगे। इस अवधि में 4 सर्वार्थसिद्धि योग के अलावा रवि योग, अमृतसिद्धि और गुरु पुष्य योग भी बनेगा। ये शुभ योग कई साल बाद एकसाथ नवरात्र में बन रहे हैं। इन दिनों पूजा, उपासना और कोई कार्य शुरू करना काफी शुभ माना जाता है।
वासंतिक नवरात्र चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होते हैं। इस बार प्रतिपदा 24 मार्च दोपहर 2:57 बजे से 25 मार्च दोपहर बाद 5:26 बजे तक रहेगी। हालांकि, नवरात्र की शुरुआत 25 मार्च से ही मानी जाएगी।
0 26 मार्च को दूसरे नवरात्र पर पहला सर्वार्थसिद्धि योग बनेगा।
0 27 मार्च को भी सर्वार्थसिद्धि योग रहेगा। मां चंद्रघंटा की पूजा करें।
0 29 मार्च को पांचवें नवरात्र पर रवि योग बन रहा है। इस दिन मां स्कंदमाता की पूजा करने से मनोकामनाओं की पूर्ति होती है।
0 30 मार्च को सर्वार्थसिद्धि के साथ अमृतसिद्धि योग भी बनेगा। इसलिए नवरात्र के इस दिन का विशेष महत्व है।
0 31 मार्च को फिर सर्वार्थसिद्धि योग बनेगा। इस दिन देवी कालरात्रि की पूजा करने से कार्यों में सिद्धि मिलती है।
0 2 अप्रैल को गुरु पुष्य योग में रामनवमी का उत्सव मनाया जाएगा और चैत्र नवरात्र पूर्ण होंगे।
नहीं बजेगी शहनाई
अकसर यह माना जाता है कि नवरात्र में बिना मुहूर्त देखे विवाह किया जा सकता है। लेकिन, इस बार 14 मार्च से 2 अप्रैल तक मलमास के कारण ऐसे मांगलिक कार्य नहीं हो सकेंगे। पहला वैवाहिक मुहूर्त 15 अप्रैल को आएगा।
प्रमादी संवत‍् : राजा बुध, मंत्री चंद्रमा
नवरात्र के साथ ही विक्रम संवत‍् 2077 की शुरुआत होगी। इस संवत‍् का नाम प्रमादी है, इसका राजा बुध और मंत्री चंद्रमा होगा। संवत्सर के राजा बुध होने से तकनीकी क्षेत्र में देश को बड़ी उपलब्धि प्राप्त हो सकती है। हिंदू नव वर्ष के पहले दिन यानी 25 मार्च को धन बढ़ाने के उपाय के तौर पर आप बैंक में नया खाता खुलवा सकते हैं, या पुराने खाते में रुपये जमा करायें। इस दिन किया गया नया निवेश कई गुना बढ़ जाता है। आप नयी बीमा पॉलिसी, म्युचुअल फंड, सोने आदि में धन लगा सकते हैं। इसके अलावा लॉकर में लाल या पीले कपड़े में 12 साबुत बादाम बांध कर रख दिए जायें, तो धन व आभूषणों में वृद्धि में मदद मिलती है। इस दिन किसी को उधार न दें, न किसी से लें।

नवरात्र पूजन का आरंभ घट स्थापना से होता है। इस बार घट स्थापना का मुहूर्त 25 मार्च को सुबह 6:23 से 7:14 बजे तक रहेगा। इसके बाद अभिजित मुहूर्त में भी स्थापना की जा सकती है, जो 11:58 से 12:49 बजे तक रहेगा।

The post 9 दिनों में 7 शुभ योग appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3ab3B7o
via Latest News in Hindi

0 Comments