चंडीगढ़, 22 मार्च (ट्रिन्यू)
हरियाणा सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पहले चरण में सात जिलों को लॉकडाउन कर दिया है। सामाजिक दूरी के मद्देनजर लॉकडाउन को पूरे प्रदेश में भी लागू हो सकता है। फिलहाल गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, झज्जर, रोहतक व पंचकूला जिलों को रविवार रात नौ बजे से 31 मार्च तक लॉकडाउन करने के आदेश जारी किए हैं।
यहां बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ जनता कर्फ्यू रात 9 बजे तक था। इन जिलों में अब रात 9 बजे के बाद भी कर्फ्यू जैसे हालात रहेंगे। दरअसल, सरकार ने नयी दिल्ली के इदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और चंडीगढ़ के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के करीब होने के चलते यह कदम उठाया है। आदेशों में सरकार ने साफ किया है कि 6600 से अधिक लोग मेडिकल निगरानी में हैं। इन 7 जिलों में अब तक कोरोना के पॉजिटिव तथा संदिग्धों की संख्या अधिक रही है। इसके चलते इनमें लॉकडाउन का फैसला किया गया है। सरकार ने पहले ही सभी जिलों में धारा 144 लागू की हुई है। अब इन 7 जिलों में इसका सख्ती से पालन होगा। आपात स्थिति में अगर किसी व्यक्ति पब्लिक ट्रांसपोर्ट की जरूरत पड़ती है तो संबंधित जिला उपायुक्त इस बारे में फैसला करेंगे।
प्रदेश में 12 पॉजिटिव केस
हरियाणा में कोरोना के 12 पॉजिटिव केस हैं। इनमें 8 गुरुग्राम के और एक-एक केस सोनीपत, पानीपत, पंचकूला और फरीदाबाद से हैं।

रोहतक में रविवार को रोडवेज के डिपाे में खड़ी बसें। -ट्रिन्यू

जिलों में लगाई आला अधिकारियों की ड्यूटी
सरकार ने तुरंत प्रभाव से कोविड-19 के फैलाव को रोकने के लिए 6 आईएएस अधिकारियों को समन्वय, योजना और निगरानी के क्रियान्वयन के लिए उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा 7 जिलों के लिए तैनात किया है। गुरुग्राम जिले के लिए मत्स्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव वीरेन्द्र सिंह कुंडू, सोनीपत जिले के लिए खान एवं भू-विज्ञान विभाग के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण, पानीपत के लिए श्रम विभाग के प्रधान सचिव विनीत गर्ग, पंचकूला के लिए निगरानी एवं समन्वय विभाग की प्रधान सचिव दीप्ती उमाशंकर, रोहतक व झज्जर के लिए रोहतक के मंडलायुक्त डी सुरेश और फरीदाबाद के लिए फरीदाबाद के आयुक्त संजय जून को लगाया गया है। मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेशों में बताया गया कि इन अधिकारियों की भूमिका व ड्यूटी के संबंध में दिशा-निर्देश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा अलग से जारी किये जाएंगे।
दूसरे राज्यों में नहीं जाएंगी बसें
सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों से अंतर्राज्यीय बस सेवा भी बंद कर दी है। सोमवार से बसों की संख्या भी कम की जाएगी। कोरोना वायरस के चलते हरियाणा से पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान को जाने वाली बसों को रोक दिया गया है।
दूसरे राज्यों की बस सेवाएं बंद
सरकार ने राज्य में लागू आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वस्तुओं की एक सूची जारी की है। इसमें समूह खाद्य अनाज, खाद्य तेल, सब्जियां और अन्य वस्तुएं शामिल हैं। इसके अलावा, अन्य शामिल की गई वस्तुओं में मास्क और हैंड सेनेटाइजर हैं। इन सेवाओं को आवश्यक सेवाओं के रूप में घोषित किया गया है, जिसमें किराने का सामान, पेय पदार्थ, ताजे फल और सब्जियां, पेयजल, चारा, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाली सभी खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां शामिल हैं। इसके अलावा पेट्रोल, डीजल, सीएनजी पंप, राइस शेलर्स, दुग्ध संयंत्र, डेयरी इकाइयां, चारा बनाने वाली इकाइयां और मवेशी क्षेत्र, एलपीजी की आपूर्ति, दवाओं और मेडिकल स्टोरों से अन्य दवाइयों की आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, मेडिकल और हेल्थ उपकरणों का निर्माण, दूरसंचार ऑपरेटरों और संचार सेवाएं शामिल हैं।
मारुति के गुरुग्राम और मानेसर प्लांट बंद
कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने गुरुग्राम और मानेसर स्थित प्लांट अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिए हैं। इस दौरान कंपनी का रोहतक स्थित आरएनडी सेंटर भी बंद रहेगा। कंपनी प्रबंधन ने इसकी जानकारी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और मुंबई स्टॉक एक्सचेंज को लिखित रूप से दी है। कंपनी के वाइस प्रेजिडेंट और कंपनी सचिव संजीव ग्रोवर ने बताया कि गुरुग्राम और मानेसर प्लांट में सेनेटाइजेशन की व्यवस्था की गई है। सरकार की हिदायतों के अनुरूप कंपनी ने उत्पादन को बंद करने का निर्णय लिया है। प्लांट कब खुलेंगे, यह सरकार की पॉलिसी पर निर्भर करेगा। कंपनी में उत्पादन बंद होने से प्लांट में लगे अस्थाई कर्मचारियों के साथ ही सहायक कंपनियों से जुड़े हजारों कर्मचारियों के रोजगार पर संकट मंडराने लगा है। नवंबर में मंदी के दौरान मारुति से जुड़े करीब 3 हजार अस्थाई कर्मियों की नौकरी चली गई थी।
सरकार ने चंडीगढ़ में बनाये 2 कंट्रोल रूम
चंडीगढ़, 22 मार्च (ट्रिन्यू) कोरोना से निपटने के लिए हरियाणा की खट्टर सरकार ने प्रदेश मुख्यालय पर 2 कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। एक कंट्रोल रूम मुख्य सचिव के अधीन होगा और दूसरा स्वास्थ्य सचिव के अंतर्गत बनाया गया है। बता दें कि प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव राजीव अरोड़ा को सरकार ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए नोडल अधिकारी बनाया है।
सरकार ने मुख्य सचिव के कंट्रोल रूम की कमान वरिष्ठ आईएएस अधिकारी टीसी गुप्ता को सौंपी गई है। टीसी गुप्ता की अध्यक्षता वाले इस कंट्रोल रूम में आईएएस एसएस फूलिया, एचसीएस सम्वर्तक सिंह व रोहित यादव को भी शामिल किया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के कंट्रोल रूम की कमान आईएएस विकास गुप्ता को सौंपी गई है।
मुख्य सचिव का कंट्रोल रूप चंडीगढ़ के सेक्टर-1 स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय से काम करेगा वहीं स्वास्थ्य सचिव का कंट्रोल रूम सेक्टर-17 स्थित हरियाणा के नये लघु सचिवालय में स्थापित किया गया है। प्रदेश भर के जिलों से कोरोना को लेकर आने वाली रिपोर्ट यहां उपलब्ध रहेंगी। जिलों के अधिकारियों के साथ भी कंट्रोल रूम नियमित रूप से संपर्क में रहेगा और हर रिपोर्ट को अपडेट करेगा।

The post 7 जिलों में 31 मार्च तक लॉकडाउन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2UuxDwg
via Latest News in Hindi

0 Comments